कश्मीर के हंदवाड़ा में एक सैनिक द्वारा कथित रूप से लड़की से छेड़छाड़ करने के मामले में नया मोड़ आ गया है. शनिवार को लड़की की मां ने सामने आकर उस वीडियो को गलत बताया है जिसमें लड़की ने कहा था कि उससे किसी सैनिक ने छेड़छाड़ नहीं की थी. मां ने एनडीटीवी को बताया, 'मेरी बेटी से जब यह बयान लिया गया था, तब वह पुलिस स्टेशन में अकेली थी और उसने यह बयान पुलिस के दबाव में आकर दिया है.' उन्होंने घटना के बारे में बताते हुए कहा, 'मंगलवार को जब उनकी बेटी स्कूल से घर आ रही थी तब वह बाजार में बने बाथरूम में गई. इस दौरान एक सैनिक भी उसका पीछा करते हुए बाथरूम में घुस गया. लड़की ने जब सैनिक को देखकर शोर मचाया तो वह भीड़ को देखकर भाग गया.'
मां ने आगे कहा कि जब इस घटना पर बबाल बढ़ा तो पुलिस ने उन्हें बिना बताए उनकी बेटी को हिरासत में ले लिया और पिछले पांच दिन से उन्हें अपनी बेटी मिलने नहीं दिया जा रहा है. उनके मुताबिक इस समय उनके पति भी पुलिस की हिरासत में हैं. वहीं, इस मामले में लड़की के परिवार की ओर से दायर की गई याचिका पर सुनवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने हंदवाड़ा पुलिस से पूछा है कि उसने किस कानून के तहत पीड़ित लड़की और उसके पिता को हिरासत में रखा है. इस मामले की अगली सुनवाई 20 अप्रैल को होगी. कश्मीर घाटी में इस घटना के विरोध में हो रहे बबाल में अभी तक 5 नागरिक मारे जा चुके हैं.
दिलीप कुमार की तबियत में मामूली सुधार
दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार की तबियत अब स्थिर है और सुधर रही है. उनकी पत्नी सायरा बानो ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है. उन्होंने अपने बयान में यह भी साफ़ किया है कि अफवाहों के विपरीत दिलीप कुमार आईसीयू में न होकर अस्पताल के एक साधारण कमरे में हैं. इससे पहले शुक्रवार रात को तेज़ बुखार और छाती में इंफ़ेक्शन के बाद दिलीप कुमार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. उनके मैनेजर कहना था कि ओरल दवाइयां ज़्यादा तेज़ी से असर नहीं कर रही हैं जिस कारण डॉक्टरों ने उन्हेें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी है
दिल्ली में अस्सी झुग्गियां जलकर राख हुईं, 300 लोग बेघर हुए
शनिवार को पश्चिमी दिल्ली में सैनिक नगर के नजदीक झुग्गियों में भीषण आग लग गई. इस आग में किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन इससे करीब 300 लोग बेघर हो गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले कबाड़ में लगी और देखते ही देखते उसने करीब 80 झुग्गियां को जलाकर खाक कर दिया. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद इसपर काबू पाया. बताया जाता है कि यहां रहने वाले ज़्यादातर लोग बिहार से हैं और कबाड़ का धंधा करते हैं. दिल्ली सरकार ने बेघर हुए लोगों को मदद देने का पूरा भरोसा दिया है और आग लगने के कारणों की जांच के आदेश भी जारी कर दिए है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.