‘बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा हैं.’
— बाबूलाल मरांडी, झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष
मरांडी का यह बयान पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद आया. उन्होंने कहा, ‘भाजपा को हराने के लिए देश के सभी क्षेत्रीय और धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ आना होगा.’ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा सकते हैं. हालांकि एक दिन पहले ही जदयू के महासचिव केसी त्यागी ने नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री पद के दावेदार होने जैसी किसी बात से इंकार किया था. उन्होंने कहा था कि वे (नीतीश) केवल समान सोच वाले राजनीतिक दलों को एक साथ लाने का काम कर रहे हैं. लेकिन, आज एक बयान में उन्होंने कहा कि बिहार जैसा गठबंधन ही राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को हरा सकता है. भाजपा के खिलाफ क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की नीतीश की कोशिशों को देखते हुए उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है.

‘सभी देश हमारे प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे हैं. वे दुनिया के 10 सबसे बड़े नेताओं में शामिल हैं.’
— वेंकैया नायडू, संसदीय कार्यमंत्री और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री
नायडू ने यह बात प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब में कही. उन्होंने कहा, ‘जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद जैसे मसलों पर उनकी आवाज को सुना गया है. भारत को ब्रिक्स बैंक की पहली अध्यक्षता मिलना और संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सुझाव को 196 देशों की मिली सहमति इस बात के उदाहरण हैं कि मोदी की आवाज को वैश्विक मंचों पर सुना जा रहा है.’ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए नायडू ने पूछा कि उनकी 75 विदेश यात्राओं से ऐसा क्या हासिल हुआ, जो आज दिखाई दे रहा हो. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी विदेश नीति के जरिए घरेलू विकास और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं. नायडू ने यह भी कहा कि भारत की ताकत को दुनिया के सामने रखने के लिए मोदी ‘पब्लिक डिप्लोमेसी’ का इस्तेमाल कर रहे हैं.
‘मुझे पैसा नहीं चाहिए, बस मेरा बेटा लौटा दो.’
— मनोरमा देवी, शहीद एसपी मुकुल द्विवेदी की मां
गुरुवार को मथुरा में भड़की हिंसा में शहीद एसपी की मां ने यह बात राज्य सरकार का मुआवजा लौटाते हुए कही. मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के लिए 20-20 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की थी. जवाहर बाग में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान भड़की हिंसा में दो पुलिसकर्मियों सहित 22 लोग मारे गए थे. पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए प्रदर्शनकारी हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद काफी समय से धरने पर बैठे थे. खुद को सुभाष चंद्र बोस का अनुयायी बताने वाले ये प्रदर्शनकारी अजीबोगरीब मांगें कर रहे थे मसलन एक रुपये में 40 लीटर पेट्रोल मिलना चाहिए या भारतीय रुपया 50 देशों में चलना चाहिए. बताया जा रहा है कि जब पुलिस बल इन्हें हटाने पहुंचा तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला कर दिया. इसी हमले में एसपी सिटी द्विवेदी घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
‘मुक्त व्यापार क्षेत्र में भारत की प्रगति दूसरे देशों के मुकाबले काफी धीमी है.’
— अरविंद पनगढ़िया, नीति आयोग के उपाध्यक्ष
पनगढ़िया ने यह बात व्यापार निर्देशित वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार की प्राथमिकता को लेकर कही. उन्होंने उदारीकरण के साथ-साथ व्यापार सुविधा बढ़ाने, देश के भीतर वस्तुओं को लाने-ले जाने की मंजूरी को तेज बनाने जैसे आंतरिक सुधारों पर ध्यान देने की जरूरत बताई. नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने कहा कि चीन में एक दशक में सालाना मजदूरी 10 फीसदी दर से बढ़ी है और अभी भारत की औसत मजदूरी के मुकाबले दो से तीन गुना ज्यादा है. उनका कहना था, ‘चीन से श्रम केंद्रित कंपनियां बाहर निकल रही हैं और उनके लिए भारत स्वाभाविक मंजिल हो सकती है.’ पनगढ़िया का मानना है कि चीन की कमजोर होती आर्थिक स्थिति को देखते हुए वैश्विक समुदाय भारत को विकल्प के रूप में देख रहा है.
‘हम अपने बच्चों और उनके बच्चों की सुरक्षा डोनाल्ड ट्रंप के हाथों में नहीं सौंप सकते. मेरा मानना है कि वे हमारे देश को बहुत खतरनाक रास्ते पर ले जाएंगे.’
— हिलेरी क्लिंटन, डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद की संभावित उम्मीदवार
क्लिंटन ने यह बात रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार ट्रंप की दावेदारी को लेकर कही. उन्होंने कहा कि ट्रंप में अमेरिका का नेतृत्व करने की क्षमता नहीं है. क्लिंटन ने कहा, ‘ट्रंप के विचार केवल अलग नहीं हैं, बल्कि खतरनाक तरीके से बेतुके हैं. वे केवल विचार नहीं हैं, बल्कि अजीब ढंग की शेखी, व्यक्तिगत लड़ाइयां और झूठ का पुलिंदा हैं.' हिलेरी ने कहा कि अपने स्वभाव की वजह से ट्रंप ऐसे कार्यालय के योग्य नहीं है जो ज्ञान, स्थायित्व और भारी जिम्मेदारी की मांग करता है.’ एक दिन पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी ट्रंप पर निशाना साधा था. उन्होंने ट्रंप को रंगीन मिजाज बताते हुए कहा था कि उनकी तमाम बातों के पीछे कोई तथ्य नहीं हैं. ट्रंप ने प्रवासियों को अमेरिका से बाहर निकालने और चीन से व्यापार संबंध तोड़ने जैसे कई विवादित बयान दिए हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.