तुर्की में शुक्रवार को एक शक्तिशाली कार बम विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई और 65 लोग घायल हो गए. एएनआई के मुताबिक यह हमला सरनाक प्रांत के सीमाई शहर सीजर में पुलिस चौकी को निशाना बनाकर किया गया है. यह शहर सीरिया और इराक सीमा से काफी नजदीक है. रॉयटर्स के मुताबिक पुलिस मुख्यालय को निशाना बनाकर हुए इस हमले में अस्पताल के सूत्रों ने पहले नौ लोगों के मारे जाने और 64 के घायल होने की सूचना दी थी. लेकिन, बाद में एक अधिकारी ने इस हमले में आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. हालांंकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मरने वालों में आम नागरिक हैं या पुलिसकर्मी.

एनटीवी पर प्रसारित तस्वीरों में घटनास्थल पर तीन मंजिला इमारत का मलबा दिखाया गया है, जहां से अभी-भी धुंआ निकल रहा है. खबरों के मुताबिक तुर्की सरकार ने घटना स्थल पर एक दर्जन एंबुलेंस और हेलिकॉप्टर भेजे हैं. अभी तक किसी आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सरकारी समाचार एजेंसी एनाडोलू ने कुर्दिश वर्कर्स पार्टी (पीकेके) को हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है.

पीकेके को तुर्की, अमेरिका और यूरोपीय संघ ने आतंकी संगठनों की सूची में डाल रखा है. पीकेके पिछले तीन दशक से कुर्द लोगों की स्वायत्तता के लिए सशस्त्र संघर्ष कर रहा है. पिछले साल संघर्ष विराम समझौता टूटने के बाद से उसने तुर्की में कई हमलों को अंजाम दिया है. इसी हफ्ते तुर्की की सेना ने अतंरराष्ट्रीय गठबंधन सेना के साथ सीरिया में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. इसके बाद तुर्की ने कुर्द लड़ाकों को सीरिया के अग्रिम मोर्चे से हटने की चेतावनी दी थी.