बीते अक्टूबर जब फोटोग्राफर जिया अली ने इस्लामाबाद में चाय बेचने वाले अरशद खान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं तो शायद ही उनको अंदाजा रहा हो कि मजे-मजे में निकली यह बात बहुत दूर तक चली जाएगी. हैंडसम अरशद खान रातों-रात पहले नामचीन शख्सियत हुए और फिर उन्हें एक फर्म से मॉडलिंग का ऑफर भी मिल गया. यह सिलसिला आगे बढ़ते हुए अब एक म्यूजिक वीडियो तक भी आ पहुंचा है.
यह म्यूजिक वीडियो 28 नवंबर को ही रिलीज हुआ है. गाने के बोल हैं 'चायवाला, चायवाला, जिसका है अंदाज निराला, जिसका खुला किस्मत का ताला'. इसकी शुरुआत एक न्यूज स्टूडियो से होती है और थोड़ी ही देर बाद अरशद एंट्री लेते हैं. उनका अंदाज किसी स्टार जैसा ही दिखता है.

अरशद खान हाल तक इस्लामाबाद में पेशावर मोड़ स्थित इतवार बाजार में एक गुमटी पर चाय बेचते थे. एक स्थानीय चैनल की नजर उन पर पड़ी जिसने उनका इंटरव्यू लिया. इसमें अरशद का कहना था कि उन्हें देखने के लिए बहुत सारे लोग आते हैं, कोई उनसे बात करना चाहता है तो कोई उनके साथ फोटो लेना चाहता है. इसके बाद जिया अली ने उनकी तस्वीर ली और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी जहां से यह वायरल हो गई. अशरद रातों-रात हॉट चायवाला हो गए.
कुछ दिन बीतते-बीतते उनको मॉडलिंग का ऑफर भी मिल गया. पाकिस्तानी फैशन रिटेलर फिटइनडॉटपीके ने हाल में उनकी एक फोटो भी पोस्ट की थी. अब यह म्यूजिक वीडियो आया है. महज 18 साल की उम्र में गुमनामी से मशहूर होने का अरशद खान यह सफर इतना तेज है कि किसी को भी अविश्सनीय लग सकता है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें