‘कर अधिकारियों के पास ज्यादा विवेकाधीन अधिकार होने से कर चोरी बढ़ती है.’
— अरविंद पनगढ़िया, नीति आयोग के उपाध्यक्ष
अरविंद पनगढ़िया ने यह बात एक निजी चैनल के साथ बातचीत में कर सुधारों से जुड़े एक सवाल पर कही. उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था में सरलता और नियमों को सही से परिभाषित करने के बारे में गंभीरता से सोचने की जरूरत है, ताकि करों को तय करने में अधिकारियों के विवेक पर निर्भरता को घटाया या खत्म किया जा सके. एशियन डेवलपमेंट बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री के मुताबिक सबसे पहले रियल एस्टेट में कर सुधारों को लागू करने की जरूरत है. उन्होंने स्टाम्प ड्यूटी में कटौती के प्रस्ताव पर विचार किए जाने का संकेत दिया.

‘सपा-कांग्रेस का गठबंधन उत्तर प्रदेश में 300 से ज्यादा सीटें जीत सकता है.’
— अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
अखिलेश यादव का यह बयान दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन को लेकर आया. हालांकि, इसके साथ उन्होंने यह भी साफ किया कि गठबंधन के बारे में अंतिम फैसला मुलायम सिंह यादव करेंगे. पिछले दिनों कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने मुलायम सिंह और अखिलेश से मुलाकात की थी. हालांकि, बाद में मुलायम सिंह ने यह कहकर गठबंधन की सारी अटकलों पर विराम लगा दिया था कि सपा किसी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अगर कोई पार्टी चाहे तो वह सपा में अपना विलय कर सकती है.
‘जो लोग अपनी आलोचना सुनने के लिए तैयार नहीं है तो उन्हें सोशल मीडिया पर नहीं आना चाहिए.’
— अमिताभ बच्चन, अभिनेता
अमिताभ बच्चन ने यह बात सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना को लेकर कही. दिल्ली में हुए एक आयोजन में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में आने पर सभी लोगों की भावनाओं का सामना करना पड़ता है, जिनमें गुस्सा और अपशब्द शामिल हैं. बच्चन ने कहा, ‘मैं इस पीढ़ी से बहुत डरता हूं. वे जानते हैं कि वे कौन हैं, उन्हें कहां जाना है, लेकिन मुझे अब तक नहीं पता कि वे कहां जाना चाहते हैं.’ किसी मुद्दे के साथ खड़े होने के सवाल पर उनका कहना था, ‘कुछ कलाकार मजबूती से खड़े हो सकते हैं, मैं उनकी प्रशंसा करता हूं, लेकिन मुझमें यह क्षमता नहीं है.’ उन्होंने राष्ट्रपति बनने से जुड़ी बातों को शत्रुघ्न सिन्हा का मजाक बताया.
‘प्रधानमंत्री मोदी केवल टीआरपी की राजनीति में दिलचस्पी रखते हैं.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस के उपाध्यक्ष
राहुल गांधी ने यह बात कांग्रेस संसदीय दल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीमार होने की वजह से शुक्रवार को उन्होंने पहली बार संसदीय दल की अध्यक्षता की. बैठक में उन्होंने नोटबंदी से लेकर कश्मीर जैसे मुद्दों को लेकर भाजपानीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को कभी भी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं दिया जो अपनी ही छवि में गिरफ्तार हो या अपना कद बचाने के लिए जनता को तकलीफ में डालने के लिए तैयार हो. कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के घमंड और अक्षमता के चलते देश को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
‘नियंत्रण रेखा पर भारत की आक्रामकता का पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा.’
— कमर जावेद बाजवा, पाकिस्तानी सेना के नए प्रमुख
कमर जावेद बाजवा ने यह बात शुक्रवार को रावलपिंडी में सेना मुख्यालय का दौरा करने के बाद कही. नियंत्रण रेखा पर सीजफायर के उल्लंघन को लेकर उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर में भारतीय सुरक्षा बलों के अत्याचारों से दुनिया का ध्यान हटाने के लिए सीमा पर आक्रामकता दिखा रहा है. कश्मीर समस्या पर अपने पहले बयान में बाजवा ने कहा कि कश्मीरियों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के तहत इसका समाधान करना होगा, इसी से क्षेत्र में स्थायी शांति आ सकती है. बाजवा ने 29 नवंबर को राहील शरीफ के बाद सेना की कमान संभाली है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.