मैक्सिको के एक पटाखा बाजार में मंगलवार को हुए जबरदस्त धमाके में 29 लोग मारे गए. राजधानी मैक्सिको सिटी में हुए इस हादसे में खबरों के मुताबिक 70 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं जिनमें से कइयों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है. यह मैक्सिको का सबसे बड़ा पटाखा बाजार है. इस धमाके के वक्त बाजार में क्रिसमस और नए साल के पारंपरिक जश्न के लिए पटाखे खरीदने वालों की संख्या काफी ज्यादा थी.
रिपोर्ट के मुताबिक दमकलकर्मियों को पटाखों के विस्फोट रुकने का इंतजार करना पड़ा. इसके बाद उन्हें आग पर काबू पाने में तीन घंटे से ज्यादा वक्त लग गया. मैक्सिको प्रांत के गवर्नर एरुवेल अविला ने बताया कि घटनास्थल से अब तक 26 शव निकाले जा चुके हैं जबकि तीन लोगों की मौत अस्पताल लाने के बाद हुई. पटाखा बाजार पूरी तरह खाक होने की जानकारी देते हुए नागरिक सुरक्षा सेवा के प्रमुख लुईस फेलिपे पुएंते ने कहा कि अन्य घायलों और हताहतों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
लैटिन अमेरिकी देशों में क्रिसमस और नए साल या अन्य उत्सवों के मौके पर पटाखे दागने की परम्परा है, जिसकी वजह से हर साल छोटे-बड़े हादसे भी सामने आते हैं. इसे मैक्सिको में बीते कुछ वर्षों का सबसे बड़ा हादसा बताया जा रहा है. इससे पहले 15 सितंबर 2005 को मैक्सिको के स्वतंत्रता दिवस के ठीक पहले एक अन्य पटाखा बाजार में आग लग गई थी. इस घटना में दर्जनों लोग घायल हुए थे लेकिन कोई मौत नहीं हुई थी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.