मोबाइल के कम बैटरी बैकअप से परेशान रहने वालों के लिए खुशखबरी है. जल्द ही एक ऐसी मोबाइल बैटरी आने वाली है जो पांच मिनट में फुल चार्ज हो जाएगी. बैटरी तकनीक से जुड़ी इस्राइल की कंपनी स्टोरडॉट ने ऐसी बैटरी बनाने का दावा किया है. पिछले हफ्ते कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डोरॉन मायर्सडॉर्फ ने मीडिया को बताया, ‘हमने पांच मिनट में एक स्मार्टफोन को चार्ज करने वाली तकनीक ईजाद कर ली है. हमारा दो एशियाई बैटरी कंपनियों से इसे लेकर करार हुआ है जहां इसका पायलेट प्रोडक्शन चल रहा है. 2018 की शुरुआत में बड़े स्तर पर इसका निर्माण शुरू हो जाएगा.’

मोबाइल के साथ-साथ कंपनी ने इलेक्ट्रिक कार की बैटरी भी पांच मिनट में चार्ज करने का दावा किया है. उसके अनुसार उसकी ‘ईवी फ़्लैशबैट्री’ नामक कार बैटरी पांच मिनट में फुलचार्ज होकर किसी भी इलेक्ट्रिक कार को 480 किमी तक ले जाने में सक्षम है.

2015 में स्टोरडॉट लास वेगास के सीईएस टेक शो में अपनी इस बैटरी का प्रदर्शन भी कर चुकी है. इसकी तकनीक के बारे में ज्यादा न बताते हुए कंपनी का कहना है कि इस बैटरी में ‘नैनोडॉट्स’ नामक ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है जो इसे परंपरागत बैटरियों से अलग बनाती है. कंपनी के अनुसार कोई भी बैटरी एनोड से कैथोड पर आयनों के स्थानांतरण से चार्ज होती है और चार्जिंग की स्पीड आयनों की स्थानांतरण गति पर निर्भर करती है. कंपनी अधिकारियों के मुताबिक उनके द्वारा बनाई गई बैटरी में आयन इतनी तेजी से स्थानांतरित होते हैं कि बैटरी महज पांच मिनट में फुल चार्ज हो जाती है. कंपनी का यह भी दावा है कि यह बैटरी लीथियम आयन बैटरी से कहीं ज्यादा सुरक्षित है. उसके मुताबिक नैनोडॉट्स की गर्मी सहन करने की क्षमता ग्रेफाइट से कहीं ज्यादा है इसलिए बैटरी के फटने की संभावना कम हो जाती है.

नया नोकिया 3310 भारत आया

कई दिनों के इंतजार के बाद नोकिया के सबसे लोकप्रिय और मजबूत मोबाइल फोन नोकिया 3310 का नया वर्जन भारत में लॉन्च हो गया है. बीती 18 मई से भारतीय बाजार में इसकी बिक्री शुरू हो गई. फीचर्स की बात करें तो नोकिया ने अपने पिछले फोन के मुकाबले इसमें बड़े बदलाव किए हैं. पहले इसमें जहां 1.5 इंच की स्क्रीन थी वहीँ अब इस फोन में 2.4 इंच का कर्व्ड डिस्पले है. इसका वजन भी पुराने नोकिया 3310 से करीब 53 ग्राम कम करके 80 ग्राम कर दिया गया है. डुअल सिम सपोर्ट के साथ लॉन्च किए गए इस फोन में कॉलिंग और मैसेजिंग के लिए 2G कनेक्टिविटी दी गई है.

Play

अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें 2 मेगापिक्सल का कैमरा, बेब ब्राउजिंग, 3.5 एमएम का हेडफोन जैक और एलईडी फ्लैश लाइट भी दी गई है. इस फोन में 16 जीबी की इंटरनल मेमोरी है जिसे 32GB तक बढ़ाया जा सकता है. पहले के मुकाबले कंपनी ने इसमें काफी दमदार बैटरी दी है. नए 3310 में 1200 एमएएच की बैटरी है. कंपनी का कहना है कि इसकी बैटरी एक दिन का टॉक टाइम और महीने भर का स्टैंडबाइ बैअकप देगी. एचएमडी ग्लोबल द्वारा लांच किए गए इस मोबाइल की कीमत कंपनी ने इसके मॉडल नंबर के आधार पर ही रखी है. यानी भारत में इसे 3310 रु में ख़रीदा जा सकता है.

अब भारत में आईफोन 5एस महज 15 हजार रुपए में

आईफोन खरीदने की चाहत रखने वाले भारतीय नागरिकों के लिए अच्छी खबर है. जल्द ही ऐपल भारत में अपने आईफोन 5एस स्मार्ट फोन की कीमत में बड़ी कटौती करने जा रही है. खबरों के अनुसार पिछले दिनों कंपनी ने यह फैसला भारतीय बाजार में अपनी पकड़ को मजबूत करने के मकसद से लिया है. बताते हैं कि कंपनी के रणनीतिकारों का मानना है कि भारतीय बाजार में जगह बनाने के लिए उसे मध्यम वर्गीय बाजार यानी 10-20 हजार रुपए की रेंज वाले मोबाइल बाजार में उतरने की जरूरत है.

बताया जाता है कि इसी वजह से कंपनी ने दो बड़े फैसले लिए हैं. पहला वह आईफोन 5एस जिसकी इस समय भारतीय बाजार में कीमत करीब 20 हजार रुपए है, को घटाकर 15,000 रुपये करेगी. हालांकि, यह फोन इस कीमत में केवल ऑनलाइन ही उपलब्ध होगा. इसके अलावा दूसरा फैसला कंपनी ने अपने पिछले साल लॉन्च हुए स्मार्टफोन ‘आईफोन एसई’ की कीमत को लेकर लिया है. द इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक कंपनी आईफोन एसई को भारतीय बाजार में 20 हजार रुपए की कीमत में बेचेगी. हालांकि, यह फोन इस कीमत में केवल ऑफलाइन ही खरीदा जा सकेगा.