अब रोबोट ने पुलिस का काम करना भी शुरू कर दिया है. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में पुलिस ने पहली बार एक रोबोट पुलिस अधिकारी को अपने बल में शामिल किया है. हाल में दुबई में हुए गल्फ इनफार्मेशन सिक्योरिटी एक्सपो में दुबई पुलिस ने इसकी जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने अभी केवल एक रोबोट को अपनी टीम में शामिल किया है जिसे फिलहाल मॉल्स और पर्यटन स्थलों पर गश्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दुबई पुलिस विभाग के मुताबिक लोग इस रोबोट अफसर के माध्यम से अपराध की सूचना देने से लेकर एफआईआर दर्ज कराने और जुर्माना भरने तक कई काम कर सकते हैं. 5.5 फीट लंबा यह रोबोट अरबी और अंग्रेजी भाषाएं समझता है. पुलिस विभाग के मुताबिक यह जल्द ही रूसी, चाइनीज, फ्रेंच और स्पेनिश भी समझने लगेगा. लगातार आठ घंटे तक काम करने में सक्षम इस रोबोट में एक ऐसा सॉफ्टवेयर लगा है जो अपराधी को पहचान सकता है. इसके अलावा इसमें इन-बिल्ट कैमरे भी लगे हैं जिनसे यह गश्त के दौरान घटने वाली घटनाओं की रिकॉर्डिंग करने के साथ-साथ पुलिस स्टेशन पर उनका सीधा प्रसारण भी कर सकता है.
इस रोबोट को बनाने वाली कंपनी पीएएल रोबोटिक्स के मुताबिक यह रोबोट न केवल 1.5 मीटर दूरी से हाथ के इशारे समझ सकता है बल्कि इमोशन डिटेक्टर के उपयोग से किसी की भावनाओं (दुख या सुख वाले भाव) की पहचान भी कर सकता है. दुबई पुलिस ने घोषणा की है कि वह 2030 तक पुलिस बल में ऐसे 25 फीसदी रोबोट शामिल करेगी. हालांकि, इसे लेकर कोई विवाद न हो इसलिए पुलिस विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि रोबोट इंसानों की जगह नहीं लेंगे बल्कि इन्हें अतिरिक्त सेवाओं के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा.
वाट्सएप ने भी फेसबुक और ट्विटर की तरह ‘पिन’ फीचर लांच किया
सोशल मैसेजिंग ऐप वाट्सएप ने फेसबुक की तरह ‘पिन’ फीचर की शुरुआत कर दी है. वाट्सएप के नए अपडेटेड वर्जन में अब यह फीचर यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया है. इस फीचर की लॉन्चिंग के मौके पर कंपनी ने एक बयान जारी कर बताया, ‘हमने नए वर्जन में पिन चैट फीचर जोड़ दिया है. अब यूजर्स को अपने बेहद खास मित्रों या परिवार के सदस्यों की चैट ढूंढने के लिए ज्यादा स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं होगी. यूजर्स अब तीन ग्रुप या तीन अलग-अलग चैट्स को पिन कर सकते हैं. इससे ये चैट्स हमेशा स्क्रीन पर सबसे ऊपर दिखेंगे.’ कंपनी के अनुसार किसी भी चैट को पिन करने के लिए सिर्फ चैट पर टैप करके पिन आइकन पर क्लिक करना है.

फेसबुक और ट्विटर में यह फीचर काफी पहले दिया जा चुका है जिसके जरिए किसी भी पोस्ट को सबसे ऊपर किया जा सकता है. हालांकि, वाट्सएप के अधिकारियों का कहना है कि यह नया फीचर अभी केवल एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए ही उपलब्ध कराया गया है और आईओएस यूजर्स को इसके लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा.
बीएसएनएल ने भारत में मोबाइल सेटेलाइट सेवा शुरू की
भारतीय दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने देश में मोबाइल सेटेलाइट सेवा शुरु कर दी है. बीती 24 मई को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज सिन्हा ने इसकी शुरुआत की. बीएसएनएल के अधिकारियों के मुताबिक यह सेवा दो चरणों में शुरू की जा रही है. पहले चरण में इसे केवल आपदा एजेंसियों, राज्य पुलिस, रेलवे, सीमा सुरक्षा बलों और अन्य सरकारी एजेंसियों को उपलब्ध कराया जा रहा है. जबकि, दूसरे चरण में जल्द ही इसे आम नागरिकों के लिए भी शुरू कर दिया जाएगा.
भारत सरकार ने इसके लिए ब्रिटेन की सेटेलाइट सर्विस कंपनी ‘इनमारसैट’ से करार किया है. इनमारसैट के पास इस समय 14 उपग्रहों का समूह है. भारत में इस सेवा के लिए सरकार और इनमारसैट ने मिलकर दिल्ली से सटे गाजियाबाद शहर में करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से इसका गेटवे बनाया है जहां से इसे मॉनिटर किया जाएगा.
बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि अभी इस सेवा के जरिए सिर्फ वॉइस कॉलिंग और एसएमएस किये जा सकते हैं, लेकिन आने वाले दिनों में इसके जरिये इंटरनेट की सेवा भी मुहैया करायी जायेगी. बीएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुपम श्रीवास्तव के अनुसार इस सेवा के शुरू होने से अब भारत में सेटेलाइट फोन सेवा पहले से काफी ज्यादा सुरक्षित भी हो गई है क्योंकि अब इसका गेटवे भारत में ही है जिसकी निगरानी कोई विदेशी कंपनी नहीं बल्कि बीएसएनएल करेगी. इनमारसैट इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम शर्मा के मुताबिक इस फोन सेवा के कॉल रेट 30-35 रुपए/मिनट होने की संभावना है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.