एसीबी ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज कीं, पीडब्लूडी में घोटाले का आरोप
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) में कथित घोटाले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुश्किल में फंसते नजर आ रहे हैं. एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने दिल्ली की एक अदालत को बताया कि अरविंद केजरीवाल और अन्य लोगों के खिलाफ उसने आठ मई को खुद ही तीन एफआईआर दर्ज कर ली थीं. एसीबी ने अदालत को यह जानकारी रोड्स एंटी-करप्शन ऑर्गेनाइजेशन के संस्थापक राहुल शर्मा की याचिका पर सुनवाई के दौरान दी हैं. (विस्तार से)
क्या सीपी जोशी की इस जीत के साथ राजस्थान क्रिकेट पर ललित मोदी का वर्चस्व खत्म हो गया है?
पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी को शुक्रवार को राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है. उन्हें कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सीपी जोशी ने 14 के मुकाबले 15 वोटों से हराया. जोशी पहले भी आरसीए के अध्यक्ष रह चुके हैं. उपाध्यक्ष पद पर जोशी गुट के ही मोहम्मद इकबाल को जीत मिली है. ललित मोदी ने पिछले सात साल से देश से फरार रहने के बावजूद आरसीए पर अपना नियंत्रण कायम रखा हुआ था. (विस्तार से)
अफगानिस्तान : प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव में चार की मौत, कई घायल
अफगानिस्तान में शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव में चार लोग मारे गए हैं और कई घायल हो गए हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक बीते बुधवार को काबुल में हुए शक्तिशाली बम धमाके से गुस्साए प्रदर्शनकारी सरकार पर नाकामी का आरोप लगाकर राष्ट्रपति अशरफ गनी और मुख्य कार्यकारी अब्दुल्ला अब्दुल्ला के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. हालात तब बेकाबू हो गए जब वे पत्थरबाजी करते हुए राष्ट्रपति महल की तरफ बढ़ने की कोशिश करने लगे. इसके बाद हजारों की संख्या में जुड़ी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी. (विस्तार से)
मार्च, 2018 तक भारत की आर्थिक विकास दर 7.5 फीसदी हो जाएगी : अरविंद पनगढ़िया
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है. बीती तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर अप्रत्याशित रूप से 6.1 फीसदी तक गिर जाने की पृष्ठभूमि में उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल मार्च तक भारत की आर्थिक विकास दर के 7.5 फीसदी हो जाएगी. अरविंद पनगढ़िया ने यह भी कहा कि मई 2019 में मोदी सरकार का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही आर्थिक विकास दर आठ फीसदी हो जाएगी. (विस्तार से)
मनीला के कैसिनो में अज्ञात हमलावर ने गाेलियां बरसाईं, 36 लोगों की मौत
फिलीपींस की राजधानी मनीला के एक कैसिनो में शुक्रवार को अज्ञात हमलावर ने जबर्दस्त गोलयां बरसाईं. इससे करीब 36 लाेगों की मौत हो गई. इसके बाद हमलावर ने ख़ुद की भी जान ले ली. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक हमलावर ने रिसॉर्ट्स वर्ल्ड मनीला में एम4 राइफल से हमला किया. गोलियां बरसाने के बाद जुए की एक मेज को आग लगा दी. इससे भगदड़ मच गई. ज़्यादातर लोगों की मौत इसी वज़ह से धुएं में दम घुटने और भगदड़ के कारण हुई है. (विस्तार से)
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम पृथ्वी-2 का सफल परीक्षण
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम स्वदेशी पृथ्वी-2 मिसाइल का परीक्षण सफल रहा है. सैन्य अभ्यास के तहत शुक्रवार की सुबह इसे ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) में मोबाइल लॉन्चर के जरिए छोड़ा गया. रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के मुताबिक यह स्वदेशी मिसाइल न केवल सतह से सतह पर 350 किमी तक निशाना साध सकती है बल्कि यह एंटी-बैलिस्टिक मिसाइलों को चकमा देने में भी सक्षम है. दो प्रोपेलर इंजनों वाली नौ मीटर लंबी यह मिसाइल अपने साथ 500 से लेकर 1,000 किलो वजनी हथियारों को ले जा सकती है. (विस्तार से)
एयर इंडिया के इकॉनॉमी क्लास के विमानों में अब बिज़नेस क्लास की सीटाें का इंतज़ाम भी होगा
एयर इंडिया के सभी इकॉनॉमी क्लास के विमानों में अब बिज़नेस क्लास की सीटाें का इंतज़ाम भी किया जाएगा.हिंदुस्तान टाइम्स में छपी ख़बर के मुताबिक पहले शिवसेना सांसद रवींद गायकवाड़ और फिर बीजू जनता दल (बीजेडी) के सांसद अर्जुन चरण सेठी से जुड़े मामले सामने आने के बाद एयर इंडिया ने यह फैसला किया है. इकॉनॉमी क्लास के विमानों में पहली तीन लाइनों की सीटों (12 सीटें) को अस्थायी रूप से बिजनेस क्लास के तौर पर तब्दील किया जाएगा. इनके बाद बीच की सीट खाली रखी जाएगी. फिर इकॉनॉमी क्लास की सीटें शुरू होंगी. (विस्तार से)
भारतीय टीम के अगले कोच की दौड़ में वीरेंद्र सहवाग का नाम सबसे आगे
भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग का नाम टीम के मुख्य कोच की दौड़ में सबसे आगे चल रहा है. हालांकि सहवाग को अब तक कोचिंग का कोई अनुभव नहीं है. वे आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की किंग्स इलेवन पंजाब के साथ ज़रूर पिछले दो सीज़न से बतौर मार्गदर्शक जुड़े हुए हैं. लेकिन उनके ‘मार्गदर्शन’ में यह टीम उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं कर पाई है. भारतीय टीम के कोच पद के लिए कुल छह दावेदार हैं. इनमें सहवाग के अलावा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर टॉम मूडी सहित दो विदेशी हैं. (विस्तार से)
डोनाल्ड ट्रंप का दुनिया को बड़ा झटका, पेरिस समझौते से हटने का ऐलान किया
आशंकाओं को सच साबित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेरिस समझौते से हटने का ऐलान कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 2015 में जलवायु परिवर्तन को लेकर हुआ यह वैश्विक समझौता अमेरिका के साथ न्याय नहीं करता. उनका यह भी कहना था कि अब वे इस समझौते की शर्तों को फिर से तय करने के लिए बातचीत करेंगे. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘यह सफल हुई तो बहुत बढ़िया, नहीं तो कोई बात नहीं.’ प्रदूषण फैलाने वाले देेशों की सूची में अमेरिका का स्थान दूसरा है. (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.