अरविंद पनगढ़िया ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया
नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने सबको चौंकाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने मंगलवार को कहा है कि 31 अगस्त, 2017 उनके कार्यकाल का आखिरी दिन होगा. इसके बाद वे पहले की तरह अकादमिक क्षेत्र में काम करने के लिए अमेरिका वापस लौट जाएंगे. आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में पनगढ़िया को कैबिनेट मंत्री का दर्जा हासिल है. (विस्तार से)
जम्मू-कश्मीर : लश्कर का शीर्ष कमांडर अबू दुजाना मारा गया
सुरक्षाबलों ने तड़के दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के हकरीपोरा गांव में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडरों में से एक अबू दुजाना को मार गिराया गया है. उसके ऊपर 10 लाख रुपए का इनाम था. दुजाना के अलावा एक अन्य आतंकी भी मारा गया. उसकी पहचान आरिफ लेलहारी के रूप में हुई है. (विस्तार से)
अमेरिका : नियुक्ति के 10 दिन के भीतर डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संचार निदेशक को हटाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संचार निदेशक एंथनी स्कैरामक्सी को उनके पद से हटा दिया है. बताया जाता है कि व्हाइट हाउस में चीफ ऑफ स्टाफ बनाए गए जनरल जॉन एफ केली के कहने पर ट्रंप ने स्कैरामक्सी को हटाया है. इसके बाद अब कम्युनिकेशन डायरेक्टर की ज़िम्मेदारी भी जनरल केली ही देखेंगे. (विस्तार से)
राज्यसभा में भाजपा सांसदों की गैर-हाजिरी से अमित शाह नाराज, कहा - दोबारा ऐसा न हो
भाजपा ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों की गैर-हाजिरी पर सख्त रुख दिखाया है. पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने सांसदों से दोनों सदनों की कार्यवाहियों में शामिल होने की हिदायत दी है. केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने बताया कि अमित शाह ने सोमवार को पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने संबंधी विधेयक पर मतदान के समय पार्टी के सांसदों की गैर-हाजिरी को गंभीरता से लिया है. (विस्तार से)
इराक के बाद अब सीरिया ने भी मोसुल से लापता भारतीयों की जानकारी होने से इनकार किया
इराक के बाद भारत में सीरिया के राजदूत रियाद कामेल अब्बास ने 2014 में मोसुल से लापता इन 39 भारतीयों के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि अगर ये लापता भारतीय उनके इलाके में हैं तो वे इन्हें जल्दी से जल्दी भारत पहुंचाना चाहेंगे. (विस्तार से)
सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ मामला : पुलिस अधिकारी डीजी वंजारा और एमएन दिनेश बरी
सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में मुंबई स्थित सीबीआई की विशेष अदालत अदालत ने पूर्व पुलिस अधिकारी डीजी वंजारा और एमएन दिनेश को बरी कर दिया है. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपितों को पर्याप्त सबूत और गवाह न मिलने के आधार पर बरी किया गया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सुनवाई कर रही विशेष अदालत इस मामले में अब तक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित 15 लोगों को बरी कर चुकी है. इस मामले में कुल 38 लोग आरोपित थे. (विस्तार से)
जामा मस्जिद विस्फोट मामला : तीन आरोपित बरी, यासीन भटकल सहित 11 पर आरोप तय करने का आदेश
जामा मस्जिद बम विस्फोट मामले में दिल्ली की एक अदालत ने तीन आरोपितों को बरी कर दिया है. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ शर्मा ने सैयद इस्माइल अफाक, अब्दुस सबूर और रियाज अहमद सैय्यदी को बरी करते हुए कहा कि इनके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं. पुलिस ने इन लोगों को 2015 में गिरफ्तार किया था. (विस्तार से)
पूर्वोत्तर बाढ़ का मुकाबला कर सके, इसके लिए केंद्र सरकार उसे 2,350 करोड़ रु का पैकेज देगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों के लिए 2,350 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज का ऐलान किया. इस राशि से बाढ़ से बचाव के लिए तात्कालिक और लंबे समय के उपाय किए जाएंगे. यह फैसला गुवाहाटी में पूर्वोत्तर के बाढ़ प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की प्रधानमंत्री के साथ हुई समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया. बैठक के बाद असम के वित्त मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी. (विस्तार से)
नीतीश कुमार की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार की
सुप्रीम कोर्ट बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग पर सुनवाई करने पर सहमत हो गया है. इस संबंध में दायर याचिका की सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा कि वह जल्द ही इसकी सुनवाई की तारीख तय करेगी. याचिका में कहा गया है कि नीतीश कुमार के खिलाफ 1991 से ही हत्या का मामला दर्ज है लेकिन उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में कई बार इसे छिपाया है. सुप्रीम कोर्ट से मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की गई है. (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.