‘एक तो हमारे सीने पर छुरी मार ही रहा है, अब और कितने पाकिस्तान बनाओगे?’
— फारुक अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री
फारुक अब्दुल्ला ने यह बात देश में विभाजनकारी राजनीति हावी होने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कही. उन्होंने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि देश तरक्की कर रहा है. लेकिन, देश को खतरा यह भी है कि हमें बांटा जा रहा है. आज हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी बंटे हुए हैं.’ आजादी के समय की एकजुटता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि मुल्क की आजादी के लिए सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ मिलकर संघर्ष किया था. वहीं, सोनिया गांधी की तरह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि आज सबसे ज्यादा चिल्लाने वाली आरएसएस आजादी की लड़ाई के समय अंग्रेजों के साथ खड़ी थी.

‘2019 में ‘भाजपा भारत छोड़ो’ तृणमूल कांग्रेस का नारा होगा.’
— ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह बयान बुधवार को पश्चिम बंगाल में ‘भाजपा भारत छोड़ो’ आंदोलन की शुरुआत करते हुए आया. भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर उन्होंने कहा, ‘भाजपा नीत केंद्र सरकार लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और जनता के अधिकारों के लिए खतरा है.’ ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी विपक्षी दलों के साथ मिलकर काम करेगी ताकि 2019 में भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके. वहीं, गुजरात के राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस नेता अहमद पटेल की जीत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तानाशाही और लोकतंत्र के बीच संघर्ष में लोकतंत्र की जीत है.
‘गरीबी और अशिक्षा जैसी चुनौतियां दूर करने के लिए हम ‘करो या मरो’ की तरह ‘करेंगे और करके रहेंगे’ का संकल्प लें.’
— नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बात भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर संसद के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा, ‘आज हमारे बीच गांधी या उनके जैसा कोई नेतृत्व नहीं है, लेकिन भारत के 125 करोड़ लोगों को यह मानना होगा कि अगर हम मिलकर काम करें तो स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार कर सकते हैं.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी, कुपोषण और अशिक्षा के खिलाफ सभी नेताओं से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक साथ काम करने की अपील की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि 2017 से 2022 तक सभी को उसी भावना और संकल्प के साथ काम करने की जरूरत है जो 1942 से 1947 के बीच उस समय के लोगों में मौजूद था.
‘एयर इंडिया के निजीकरण से पहले उसका कुछ कर्ज माफ करना समझदारी होगी.’
— अरविंद पनगढ़िया, नीति आयोग के अध्यक्ष
अरविंद पनगढ़िया ने यह बात सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए कही है. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी से एयर इंडिया के लिए निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी. निजीकरण से पहले एयर इंडिया की परिसंपत्तियों को अलग करने के सवाल पर अरविंद पनगढ़िया ने कहा कि ऐसा करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यह कंपनी अभी भी चल रही है और अच्छा काम कर रही है. केंद्र सरकार एयर इंडिया के विनिवेश को सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है. वहीं इसकी प्रक्रिया तय करने के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में मंत्रियों की एक समिति भी बनाई गई है.
‘पाकिस्तान में भविष्य में तेजी से आर्थिक विकास करने की पूरी क्षमता है.’
— नवाज शरीफ, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री
नवाज शरीफ ने यह बात बुधवार को जीटी रोड के जरिए लाहौर तक रोड शो की शुरुआत करने से पहले कही. अपने चार साल के कार्यकाल को आर्थिक मोर्चे पर सफल बताते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान पाकिस्तान ने छह फीसदी की दर से आर्थिक विकास किया है. उन्होंने यह भी कहा कि चीन-पाकिस्तान इकॉनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) का काम भी ठीक रफ्तार से चल रहा है. हालांकि, उनके पद से हटने के बाद चीन द्वारा सीपीईसी में निवेश घटाने की आशंका जताई गई है. पिछले महीने पनामा पेपर्स मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोग्य घोषित किए जाने के बाद नवाज शरीफ ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.