‘बुकलेट में केवल उन पर्यटन स्थलों की चर्चा है, जिन्हें विकसित किया जाना है, ताजमहल तो पहले से विकसित है.’
— रीता बहुगुणा जोशी, उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री
रीता बहुगुणा जोशी का यह बयान उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की सूची से ताजमहल को बाहर किए जाने पर सफाई देते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘ताजमहल दुनिया की धरोहर और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है.’ रीता बहुगुणा जोशी ने आगे कहा कि सरकार अर्द्ध कुंभ को ध्यान में रखकर प्रदेश में आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन के विकास पर ध्यान दे रही है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों की अनदेखी की जा रही है. रीता बहुगुणा जोशी के मुताबिक प्रदेश सरकार ने आगरा के विकास के लिए 158 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं.

‘मेक इन इंडिया शुरू में आकर्षक नारा लगा था, लेकिन अब इसका खोखलापन सामने आने लगा है.’
— शरद पवार, एनसीपी के अध्यक्ष
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने यह बात मोदी सरकार पर नोटबंदी और जीएसटी जैसे फैसलों को जल्दबाजी में लागू करने का आरोप लगाते हुए कही. उन्होंने कहा कि इससे अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है. शरद पवार ने आगे कहा कि देश में निवेश का माहौल ठीक नहीं है, इसी वजह से नया निवेश नहीं आ रहा. मुंबई और अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन को अव्यवहारिक बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-कोलकाता या मुंबई-चेन्नई के बीच चलाए जाने की जरूरत है. शरद पवार का यह भी कहना था कि प्रस्तावित बुलेट परियोजना के खर्च में आधी हिस्सेदारी के बावजूद महाराष्ट्र को केवल चार, जबकि गुजरात को ज्यादा स्टेशन मिलेंगे.
‘ऑटोमेशन से रोजगार को कोई खतरा नहीं है.’
— अरविंद पनगढ़िया, नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष
अर्थशास्त्री अरविंद पनगढ़िया का यह बयान ऑटोमेशन से रोजगार घटने के सवालों को खारिज करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘ऑटोमेशन को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर बातें कही जा रही हैं क्योंकि हम केवल यही देख सकते हैं कि रोजगार कहां से चला जाएगा, यह नहीं देख पाते कि इससे कहां पर नया रोजगार पैदा होगा.’ अरविंद पनगढ़िया ने आगे कहा कि तकनीक विस्तार ने कभी भी रोजगार नहीं छीना. उनके मुताबिक जिन देशों में ज्यादा ऑटोमेशन है, वहां के लोग पहले की तुलना में आज ज्यादा व्यस्त हैं. दुनिया में संरक्षणवाद की कोशिशों पर नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष का कहना था कि वैश्विक बाजार बहुत बड़ा है, इसे किसी एक देश का संरक्षणवादी कदम प्रभावित नहीं कर सकता.
‘केरल में भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए मुख्यमंत्री पी विजयन जिम्मेदार हैं.’
— अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यह बात केरल की वाम सरकार पर राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कही. उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 120 से ज्यादा कार्यकर्ता मारे गए हैं. अमित शाह ने आगे कहा कि बंगाल और त्रिपुरा की हालत देखी जा सकती है, जहां वामपंथी सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहे हैं. उनके मुताबिक शांतिपूर्ण केरल अब हिंसक हो रहा है, जिसके साथ राज्य में वाम विचारधारा विस्तार ले रही है. अमित शाह ने मंगलवार को केरल के कन्नूर जिले से राजनीतिक हिंसा के खिलाफ 15 दिवसीय जनरक्षक यात्रा को रवाना किया है.
‘भारत में एक आतंकी देश का प्रधानमंत्री है.’
— ख्वाजा आसिफ, पाकिस्तान के विदेश मंत्री
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने यह बात भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा पाकिस्तान को आतंकवाद का निर्यातक देश बताने के जवाब में कही. उन्होंने कहा, ‘नरेंद्र मोदी के हाथ गुजरात में मुसलमानों के खून से रंगे हैं.’ ख्वाजा आसिफ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आतंकी संगठन भी बताया. बीते महीने संयुक्त राष्ट्र आम सभा में भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान को मौत और अमानवीयता का निर्यातक देश बताया था. उन्होंने यह भी कहा था कि भारत और पाकिस्तान दोनों एक साथ आजाद हुए, लेकिन भारत जहां डॉक्टर और वैज्ञानिक पैदा कर रहा है वहीं पाकिस्तान में आतंकवादी और जिहादी पनप रहे हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.