‘प्रधानमत्री ने एक उद्योगपति के फायदे के लिए पूरे राफेल सौदे को बदल दिया.’

— राहुल गांधी, कांग्रेस के उपाध्यक्ष

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान मीडिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राफेल विमान सौदे पर सवाल पूछने की सलाह देते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘आप मुझसे बहुत से सवाल पूछते हैं, उनका जवाब देता हूं. लेकिन आप राफेल सौदे के बारे में प्रधानमंत्री से क्यों नहीं पूछते?’ राहुल गांधी आगे कहा, ‘आप अमित शाह के बेटे की संपत्ति के बारे में सवाल क्यों नहीं पूछते? मैं चाहता हूं कि आप (मीडिया) इन सवालों को पूछें.’ इसके बाद ट्विटर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने राफेल सौदे में एयरोस्पेस में कोई अनुभव न रखने वाली अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस डिफेंस को ठेका मिलने पर भी सवाल उठाया.

अगर अदालत अयोध्या विवाद को सुलझाती है तो 100-200 साल बाद यह दोबारा उभर आएगा.’

— श्री श्री रविशंकर, ऑर्ट ऑफ लिविंग (एओएल)फाउंडेशन के संस्थापक

एओएल फाउंडेशन के संस्थापक श्री श्री रविशंकर का यह बयान अयोध्या विवाद को दोनों समुदायों की आपसी सहमति से सुलझाने को स्थायी समाधान बताते हुए आया. उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों के नेता और युवा अयोध्या विवाद का बातचीत से समाधान संभव बना सकते हैं. श्री श्री रविशंकर ने कहा, ‘बहुत से लोग मेरी इस बात से सहमत नहीं होंगे, लेकिन मुस्लिम कमोबेश विवादित स्थल पर राम मंदिर बनाने का विरोध नहीं कर रहा है.’ इससे जुड़े सभी पक्षों से मुलाकात पर उनका कहना था कि वे इसकी मुश्किलों को जानते हैं, लेकिन इस बारे में अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.


‘सांप्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिए बसपा गठबंधन कर सकती है, बशर्ते सीटों की साझेदारी सम्मानजनक हो.’

— मायावती, बसपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री

बसपा प्रमुख मायावती का यह बयान गुजरात और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोशिशों की चर्चा करते हुए आया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश और गुजरात में उन सीटों को देने के लिए भी नहीं तैयार हुई, जहां वह पारंपरिक तौर पर लगातार हारती रही है. मायावती ने आगे कहा, ‘इस सोच के साथ गठबंधन की दिशा में आगे नहीं बढ़ा जा सकता है.’ उन्होंने कहा कि सतीश चंद्र मिश्रा ने इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल से मुलाकात भी की थी, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया था. बसपा प्रमुख ने भाजपा पर उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में धन और ताकत का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.


‘मोदी सरकार के मंत्री अभिजात वर्गीय नहीं हैं, लोगों के संपर्क में रहते हैं.’

— रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय कानून मंत्री

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का यह बयान गुजरात में केंद्रीय मंत्रियों के घर-घर जाकर चुनाव प्रचार करने पर सफाई देते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार के मंत्री केवल ट्वीट नहीं करते, बल्कि जमीन पर भी जनता के संपर्क में रहते हैं.’ गुजरात विधानसभा चुनाव की वजह से संसद के शीतकालीन सत्र में देरी के आरोपों पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस बारे में संसदीय मामलों की समिति फैसला लेगी और संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार उसके संपर्क में हैं. मंगलवार को कांग्रेस ने मोदी सरकार पर शीतकालीन सत्र बुलाने में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया था.


‘सीरिया में कुर्द वाईपीजी लड़ाकों की दिलचस्पी इलाके जीतने में है, न कि आईएस से लड़ने में.’

— मेवल्युत चावुसोलू, तुर्की के विदेश मंत्री

तुर्की के विदेश मंत्री मेवल्युत चावुसोलू का यह बयान वाईपीजी लड़ाकों द्वारा सीरिया के रक्का में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकियों को निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता देने को लेकर आया. उन्होंने सीरिया में कुर्द वाईपीजी लड़ाकों को अमेरिका से मिलने वाली सैन्य सहायता पर भी सवाल उठाया. मेवल्युत चावुसोलू ने आगे कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में जरूरी हथियारों के सौदे में अमेरिका देरी कर रहा है. उनके मुताबिक इस देरी की वजह से तुर्की दूसरे विकल्पों पर ध्यान दे रहा है. तुर्की ने हाल ही में रूस से एस-400 सतह से सतह में मार करने वाली मिसाइलें खरीदी हैं.