प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओ में देश के लिए पदक जीतने वालों को नकद ईनाम से लेकर सरकारी नौकरी तक कई तरह से सम्मानित किया जाता है. हरियाणा ने इसमें एक नई लीक जोड़ी है. प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने विश्व महिला युवा बॉक्सिंग चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीतने वाली राज्य की छह मुक्केबाजों को इनाम के रूप में देसी गाय देने का ऐलान किया है.
गुवाहाटी में हुई इस चैंपियनशिप में चार मुक्केबाजों ने स्वर्ण पदक हासिल किए थे तो दो ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया. बीते बुधवार को रोहतक स्थित नेशनल बॉक्सिंग अकादमी में एक समारोह में ओमप्रकाश धनखड़ ने इन्हें सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि इन महिला मुक्केबाजों ने भारत और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है.
धनखड़ राज्य की मुक्केबाजी एसोसिएशन के प्रमुख भी हैं. इस कार्यक्रम में उन्होंने मुक्केबाजों के लिए गाय के दूध के फायदे भी गिनाए. उन्होंने कहा कि इसमें भैंस के मुकाबले कम वसा होती है जो मुक्केबाजों के लिए फायदेमंद है. उन्होंने यह भी बताया कि इनाम में दी जाने वाली देसी गाय रोज 10 लीटर से ज्यादा दूध देगी. उनके मुताबिक सरकार खुद सभी छह मुक्केबाजों के घर गाय भिजवाने की व्यवस्था करेगी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.