सरकारी योजनाओं और सेवाओं से आधार संख्या को जोड़ने की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ेगी
केंद्र सरकार ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं से बायोमीट्रिक पहचान संख्या (आधार संख्या) को जोड़ने की समय-सीमा एक बार फिर बढ़ाने का फैसला किया है. इसके तहत नागरिकों को 31 मार्च 2018 तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं से आधार संख्या को जोड़ने की छूट दी जाएगी. सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी देते हुए अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने कहा कि इससे जुड़ा नोटिफिकेशन आठ दिसंबर को जारी होगा. (विस्तार से)
ताजमहल को तेजोमहालय बताने के बाद अब भाजपा ने जामा मस्जिद को जमुना देवी मंदिर बताया
भाजपा नेता विनय कटियार ने दिल्ली स्थित जामा मस्जिद को मंदिर बताया है. विनय कटियार ने कहा, ‘मुगल शहंशाहों ने करीब 6000 (धार्मिक) स्थलों को तुड़वा दिया. जामा मस्जिद का असली नाम जमुना देवी मंदिर था, जैसे ताजमहल का नाम तेजोमहालय था.’ विनय कटियार का कहना है कि मुगलों ने हिंदुओं के कई स्थलों को निशाना बनाया लेकिन उन्होंने केवल राम जन्मभूमि, काशी के बाबा विश्वनाथ और मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि की मांग की. (विस्तार से)
अमेरिका ने जेरूसलम को इजरायल की राजधानी घोषित किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेरूसलम को इजरायल की राजधानी घोषित कर दिया है. उन्होंने अमेरिकी दूतावास को इजरायल के शहर तेल अवीव से जेरूसलम ले जाने का भी ऐलान किया है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस इलाके को लेकर पुरानी नीति को बदलने का वक्त आ गया है और यह इस बदलाव के तहत पहला कदम है. इस घोषणा के साथ ही जेरूसलम को लेकर तटस्थ रहने की अमेरिका की दशकों पुरानी नीति समाप्त हो गई है. (विस्तार से)
भारतीय ड्रोन ने हमारी सीमा में घुसपैठ की : चीन
चीन ने भारत पर उसकी सीमा में घुसपैठ का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि भारत के एक ड्रोन ने उसके हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की जो बाद में क्रैश हो गया. चीनी सेना के पश्चिमी युद्ध क्षेत्र के उप-निदेशक झांग शुइली ने इस पर आपत्ति जताई. शिन्हुआ न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत के इस कदम से चीन की क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन हुआ है. हम इस पर अपनी कड़ी असहमति और विरोध व्यक्त करते हैं.’ (विस्तार से)
शहज़ाद पूनावाला अब राहुल गांधी को गुजरात चुनाव में सीधी चुनौती देने वाले हैं!
लगता है महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता शहज़ाद पूनावाला पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. पार्टी अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी के चुनाव का खुला विरोध करने के बाद अब शहज़ाद उनको गुजरात चुनाव में सीधी चुनौती देने वाले हैं. आठ दिसंबर से गुजरात के राजकोट से शहज़ाद अपना अभियान शुरू करेंगे. इसमें उनका मुख्य नारा होगा, ‘असली कांग्रेस बचाओ, वंशवाद हटाओ.’ उन्होंने अख़बार को बताया, ‘मैं कांग्रेस के औरंगज़ेब (राहुल गांधी) के ख़िलाफ़ अभियान शुरू करने जा रहा हूं.’ (विस्तार से)
‘पद्मावती’ को सेंसर बोर्ड की हरी झंडी तभी मिलेगी जब ‘चुनिंदा’ इतिहासकार उस पर मुहर लगा देंगे
फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की ‘पद्मावती’ को सेंसर बोर्ड (केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड) की हरी झंडी जल्द मिल पाएगी इसकी संभावना दिख नहीं रही है. इस फिल्म को सीबीएफसी का प्रमाण पत्र तभी मिलेगा जब देश के कुछ ‘चुनिंदा’ इतिहासकार इस पर मुहर लगा देंगे. सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने इस सिलसिले में मानव संसाधन विकास मंत्रालय को पत्र लिखा है. इसमें आग्रह किया गया है कि उसे देश के कुछ जाने-माने इतिहासकारों की सूची उपलब्ध कराई जाए. (विस्तार से)
घर खरीदारों के लिये बॉम्बे हाइकोर्ट का यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है
देशभर के घर खरीदारों को बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. हाई कोर्ट ने कहा है कि रियल एस्टेट रेग्युलेशन एंड डेवेलपमेंट ऐक्ट (रेरा) मौजूदा प्रोजेक्ट्स पर भी लागू होगा. हाई कोर्ट ने रेरा की संवैधानिक वैधता को भी बरकरार रखा है. यह कानून घर खरीदने वालों के अधिकारों की रक्षा करता है. कोर्ट ने बिल्डरों को भी राहत दी है. उसने कहा है कि बिल्डर विशेष मामलों में किसी प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में और समय ले सकते हैं. यह अतिरिक्त समय हर मामले की परिस्थितियों के आधार पर दिया जाएगा. (विस्तार से)
टेस्ट में विराट कोहली की बड़ी छलांग, बल्लेबाजों की आईसीसी रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचे
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली अब क्रिकेट के तीनों फॉर्मेटों में अपनी श्रेष्ठता साबित करने की तरफ बढ़ते दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा जारी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में उन्हें दूसरा स्थान मिला है. बुधवार को ड्रा रहे कोटला टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ 243 रन बनाने वाले विराट कोहली इससे पहले पांचवें स्थान पर थे. श्रीलंका के साथ तीन टेस्ट मैचों की इस सीरीज में उन्होंने लगातार तीन शतक और 610 रन बनाए हैं. (विस्तार से)
कैशलेस टिकट बुकिंग की सुविधा बढ़ाने के साथ अब भारतीय रेल आपको इसमें बचत भी करवाएगी
भारतीय रेल डेबिट या क्रेडिट या किसी अन्य डिजिटल माध्यम से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अतिरिक्त लाभ देने पर विचार कर रही है. जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जा सकती है. मौजूदा समय में रेलवे का मासिक यात्रा पास बनवाने के लिए जो यात्री डिजिटल माध्यम से भुगतान करते हैं उन्हें भारतीय रेल की तरफ से किराये पर 0.5 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. अब इस छूट को आरक्षित और अनारक्षित टिकटों तक बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है. (विस्तार से)
यमुना के डूब क्षेत्र में नुकसान के लिए श्री श्री रविशंकर का संगठन जिम्मेदार : एनजीटी
नेशनल ग्रीन ट्राइब्यूनल (एनजीटी) ने आध्यात्मिक गुरू श्री श्री रविशंकर के संगठन ऑर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन को यमुना के डूब क्षेत्र में पर्यावरण के नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया है. गुरुवार को जस्टिस स्वतंत्र कुमार की बेंच ने यह फैसला सुनाया. हालांकि, एनजीटी ने इसके लिए ऑर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन पर अभी अलग से कोई जुर्माना नहीं लगाया है. ऑर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन ने पिछले साल यमुना के डूब क्षेत्र में विश्व संस्कृति समारोह आयोजित किया था. (विस्तार से)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले मणिशंकर अय्यर को कांग्रेस ने निलंबित किया
गुजरात विधानसभा के पहले चरण के मतदान से ठीक दो दिन पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नीच’ कहे जाने पर पार्टी ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया. पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल साइट ‘ट्विटर’ के जरिए इसकी जानकारी दी. भाजपा ने इसे आंख में धूल झोंकने वाला फैसला बताया है. इससे पहले कांग्रेस के भावी अध्यक्ष राहुल गांधी की आलोचना के बाद मणिशंकर अय्यर ने माफी मांग ली थी. (विस्तार से)
रूस एनएसजी में भारत को शामिल करने का समर्थन करेगा : सेर्गेई रयाबकोव
रूस ने न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप (एनएसजी) में भारत को शामिल करने का समर्थन करने की बात कही है. रूस के उपविदेश मंत्री सेर्गेई रयाबकोव ने कहा कि रूस 15वीं आरआईसी (रूस, भारत और चीन) की विदेश मंत्रियों की बैठक में चीन से इस मुद्दे पर बात करेगा. यह बैठक 11 दिसंबर को होनी है. सेर्गेई रयाबकोव ने आगे कहा कि रूस एनएसजी और वासेनार व्यवस्था में भारत को शामिल करने का प्रबल समर्थक है. (विस्तार से)
कश्मीर मसले पर बातचीत को लेकर हुर्रियत का रुख़ बदला है या उसमें फूट पड़ गई है?
कश्मीर मसले पर बातचीत को लेकर हुर्रियत का रुख़ या तो बदल रहा है या फिर उसमें इसे लेकर फूट पड़ रही है. वह इसलिए क्योंकि केंद्र सरकार की ओर से बातचीत के किसी भी प्रयास को अब तक लगातार बाधित करने वाले हुर्रियत नेताओं में एक वरिष्ठ नेता- अब्दुल ग़नी भट ने इस तरफ़ सकारात्मक संकेत दिए हैं. भट ऑल पार्टी हुर्रियत काॅन्फ्रेंस की कार्यकारी समिति के सदस्य और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस नामक अलगाववादी संगठन के नेता हैं. (विस्तार से)
मणिशंकर अय्यर ने नरेंद्र मोदी को ‘नीच’ कहा, राहुल गांधी की फटकार के बाद माफी मांगी
गुजरात चुनाव के लिए मचे सियासी घमासान के बीच राजनीतिक संवाद का स्तर दिनों दिन गिरता जा रहा है. गुरुवार को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए नीच आदमी शब्द का इस्तेमाल किया. उनका यह भी कहना था कि प्रधानमंत्री में कोई सभ्यता नहीं है. इसके बाद नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर ने उन्हें नीच जाति का बताया है. उनका ये भी कहना था कि कांग्रेस नेता के शब्द भारत की महान परंपरा का अपमान हैं जहां ऊंच-नीच का कोई संस्कार नहीं है. राहुल गांधी ने भी अपनी पार्टी के नेता की टिप्पणी को गलत बताया. (विस्तार से)
ब्रह्मपुत्र के प्रदूषण का मामला भारत चीन के सामने उठा सकता है
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अगले हफ्ते तीन देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में ब्रह्मपुत्र नदी के प्रदूषण का मामला चीन के सामने उठा सकती हैं. ब्रिक्स के तीन सबसे बड़े देशों रूस-भारत-चीन (आरआईसी) की विदेश मंत्रियों का यह सम्मेलन सोमवार से नई दिल्ली में होने वाला है. सुषमा स्वराज इस सम्मेलन से इतर चीन के विदेश मंत्री वांग यी से होने वाली मुलाकात में प्रदूषण के संभावित कारणों को दूर करने की मांग करेंगी. (विस्तार से)
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.