‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोजाना चार लाख रुपये के मशरूम खाते हैं.’
— अल्पेश ठाकोर, गुजरात में कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महंगी जीवनशैली जीने का आरोप लगाते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘ताइवान से आने वाले एक मशरूम की कीमत 80 हजार रुपये होती है और वे (नरेंद्र मोदी) रोजाना पांच मशरूम खाते हैं.’ अल्पेश ठाकोर ने आगे कहा कि जो व्यक्ति रोजाना चार लाख रुपये और महीने में 1.2 करोड़ रुपये का मशरूम खा जाता हो उसे दाल-रोटी नहीं अच्छी लगेगी. उन्होंने यह भी कहा कि इसी मशरूम की वजह से नरेंद्र मोदी सांवले से गोरे हो गए हैं. अल्पेश ठाकोर का कहना था कि सोचो जो प्रधानमंत्री इतना महंगा मशरूम खाता हो, उसके कार्यकर्ता कितने करोड़ रुपये खाते होंगे?

‘जब तक कर्जमाफी का पैसा खाते में न आए, महाराष्ट्र के किसानों को बकाया या बिजली बिल का भुगतान नहीं करना चाहिए.’
— शरद पवार, एनसीपी प्रमुख
एनसीपी प्रमुख शरद पवार का यह बयान महाराष्ट्र में किसानों की समस्या के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘अगर सरकार की निगाह में लोगों का कोई महत्व नहीं है तो लोगों को भी सरकार से सहयोग नहीं करना चाहिए. शरद पवार ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जनादेश के आधार पर विपक्ष को ब्लैकमेल करने की राजनीति से बचना चाहिए. शरद पवार ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के घर पर बैठक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को शर्मनाक बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बैठक को ‘गोपनीय’ बताया था और इसे गुजरात चुनाव से जोड़कर कांग्रेस पर निशाना साधा था.
‘भारत सरकार और गुजरात सरकार मिलकर एक-एक दो नहीं, बल्कि 11 की ताकत हासिल कर लेंगे.’
— नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बयान गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले मतदाताओं से भावुक अपील करते हुए आया. उन्होंने कहा कि दोनों जगह भाजपा की सरकार होने से ताकत कई गुना बढ़ जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘गुजरात घूमने के दौरान मुझे लोगों का जो स्नेह मिला, वह मेरे 40 साल के जीवन में अद्वितीय है. यही प्यार मुझे ताकत देता है और भारत के विकास के लिए प्रेरित करता है.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर गुजरात के विकास के बारे में जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया.
‘सीप्लेन में उड़ना ठीक बात है, लेकिन असल सवाल यह है कि आपने 22 साल में जनता के लिए किया क्या?’
— राहुल गांधी, कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष
कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अहमदाबाद में सीप्लेन से उड़ान भरने पर आया. उन्होंने कहा कि यह राज्य से जुड़े असल सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मणिशंकर अय्यर के घर पर निजी मुलाकात के बहाने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर निशाना साधने पर राहुल गांधी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं और उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के लिए जो कुछ कहा वह स्वीकार करने लायक नहीं है.’ गुजरात में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान थम गया है. यहां 14 दिसंबर को मतदान होगा.
‘रूस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट को आधिकारिक बयान के तौर पर लेता है.’
— दिमित्री पेसकोव, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता
रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट को गंभीरता से लेने का दावा करते हुए आया. उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कोई ट्विटर अकाउंट नहीं है. दिमित्री पेसकोव के मुताबिक राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट और उस पर अन्य नेताओं की टिप्पणियों के बारे में नियमित तौर पर जानकारी दी जाती है. हालांकि, उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए जाने वाले ट्वीट पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.