‘सऊदी अरब ने समुद्री रास्ते से हज यात्रा शुरू करने की भारत की योजना को मंजूरी दे दी है.’
— मुख्तार अब्बास नकवी, अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का यह बयान मक्का में सऊदी अरब और भारत के बीच सालाना हज यात्रा समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद आया. उन्होंने कहा, ‘दोनों देशों के अधिकारी हज यात्रा के लिए समुद्री रास्ते को खोलने के तकनीकी और औपचारिक पहलुओं पर बात करेंगे ताकि आने वाले वर्षों में इसे शुरू किया जा सके.’ मुख्तार अब्बास नकवी ने आगे कहा कि समुद्री रास्ते से हज यात्रा शुरू होने पर इसके खर्च में काफी कमी आएगी. उनके मुताबिक यह क्रांतिकारी, गरीबों और हज यात्रियों के लिहाज से अच्छा फैसला होगा. भारत ने समुद्री रास्ते से हज यात्रा 1995 में बंद कर दी थी.

‘क्या हम लोग बनाना रिपब्लिक में रह रहे हैं?’
— शत्रुघ्न सिन्हा, भाजपा सांसद
भाजपा सासंद शत्रुघ्न सिन्हा ने यह बात बायोमीट्रिक पहचान संख्या (आधार) के कथित दुरुपयोग की खबर देने वाले अखबार द ट्रिब्यून और इसकी पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर ऐतराज जताते हुए कही. ‘बनाना रिपब्लिक’ का मतलब नागरिक हितों के बजाए व्यापारियों के पक्ष में काम करने वाली शासन-व्यवस्था से लगाया जाता है. एक ट्वीट में भाजपा सांसद ने कहा, ‘यह कैसा न्याय है? क्या यह राजनीतिक बदलने की कार्रवाई है?’ उन्होंने आगे कहा कि समाज और देश के लिए ईमानदारी के साथ आगे आने वाली जनता को ही परेशान किया जा रहा है. इस मामले को उठाने के लिए एडीटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की प्रशंसा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने उम्मीद जताई कि सम्मानित सुप्रीम कोर्ट इस पर ध्यान देगा और जल्द से जल्द इसका कोई हल निकालेगा.
‘अगर आदित्यनाथ ऐसे ही कर्नाटक आते रहे तो सिद्धारमैया बहुत जल्द जय श्रीराम का जाप शुरू कर देंगे.’
— अरविंद लिंबावली, कर्नाटक के भाजपा नेता
भाजपा नेता अरविंद लिंबावली का यह बयान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर तंज करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘परसों जब (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) योगी आदित्यनाथ यहां आए थे तो सिद्धारमैया ने हिंदुत्व की बात शुरू कर दी थी.’ अरविंद लिंबावली ने आगे कहा कि कर्नाटक में योगी आदित्यनाथ यह दूसरा दौरा था और वे जब भी यहां आते हैं, सिद्धारमैया हिंदुत्व की लाइन में बात करने लग जाते हैं जैसे उन्होंने कहा कि उनके नाम में भी ‘राम’ आता है. कर्नाटक में भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने समकक्ष सिद्धारमैया पर धर्म और राजनीति का घालमेल करने का आरोप लगाया था.
‘अर्थशास्त्र और चाणक्य नीति से संकेत लेने का वक्त आ गया है.’
— बिपिन रावत, थल सेना प्रमुख
थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने यह बात सेना की भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा, ‘सशस्त्र बलों को सभी क्षेत्रों में आधुनिक बनाने की बहुत ज्यादा जरूरत है.’ जनरल बिपिन रावत ने आगे कहा कि भविष्य में जो भी युद्ध होंगे, वे बहुत मुश्किल क्षेत्रों और परिस्थितियों में लड़े जाएंगे और सेना को उसके लिए तैयार रहना होगा. अरुणाचल प्रदेश में चीनी सेना से साथ हालिया विवाद पर उन्होंने कहा कि अब यह सुलझ गया है और चीन ने अपने काफी सैनिकों को वापस बुला लिया है. थल सेना प्रमुख ने हथियारों के आयात के बजाए घरेलू उत्पादन पर ध्यान देने की जरूरत बताई.
‘आधुनिक रेशम मार्ग एक ही तरफ जाने वाला रास्ता नहीं हो सकता है.’
— इमानुएल मैक्रों, फ्रांस के राष्ट्रपति
फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों का यह बयान चीन की पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान उसके ‘बेल्ट एंड रोड इनीशिएटिव’ को लेकर आया. उन्होंने कहा, ‘प्राचीन सिल्क रोड (रेशम मार्ग) कभी भी केवल चीन के लिए नहीं थी.’ इमानुएल मैक्रों ने आगे कहा कि ये सड़कें वर्चस्व कायम करने के लिए नहीं हो सकतीं. उनका यह भी कहना था कि आपसी साझेदारी की भावना से आगे बढ़ा जाए तो चीन की ढांचागत और सांस्कृतिक परियोजनाएं यूरोप और फ्रांस के हित में भी हो सकती हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति ने सत्ता में रहने तक हर साल में चीन की एक यात्रा करने का वादा किया.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.