पर्यटन के क्षेत्र में बीता साल भारत के लिए बेहतरीन रहा. साल 2017 में भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या एक करोड़ से ज्यादा रही. यह एक नया रिकॉर्ड है. इसके चलते इस क्षेत्र से होने वाली आमदनी में भी इजाफा हुआ है. पिछले साल इस क्षेत्र से 27 अरब डॉलर (करीब एक लाख 72 हजार करोड़ रुपये) की कमाई हुई. बताया जा रहा है कि नए साल में यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है. पर्यटकों की बढ़ी संख्या की वजह से पर्यटन प्रतिस्पर्धात्मकता सूचकांक में भी भारत की रैंकिंग सुधरी है. इस लिस्ट में भारत अब 40वें स्थान पर है, जबकि 2013 में वह 65वें स्थान पर था.
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक मंगलवार को केंद्रीय मंत्री के जे अलफॉन्स ने कहा कि वे इस संख्या को तेजी से बढ़ते देखना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘हमारा क्षेत्र अच्छा काम कर रहा है. लेकिन क्या मैं इस आंकड़े से खुश हूं? मैं इस संख्या को तेजी से बढ़ते देखना चाहता हूं. भारत एक अद्भुत जगह है. हमारे पास सबके लिए कुछ न कुछ है. यही वजह है कि हम पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.’ केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि भारत के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन क्षेत्र का योगदान 6.88 प्रतिशत है. अलफॉन्स के मुताबिक पिछले साल के रोजगार के आंकड़ों में 12 प्रतिशत नौकरियां पर्यटन के क्षेत्र से थीं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.