त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान

चुनाव आयोग ने त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है. गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) अचल कुमार जोति ने बताया कि त्रिपुरा में 18 फरवरी को, जबकि मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को मतदान कराया जाएगा. इन तीनों राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं. इन राज्यों में वोटों की गिनती एक साथ तीन मार्च को कराई जाएगी. (विस्तार से)

भोपाल : बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले भाजपा सांसद का चालान कटा

भोपाल से भाजपा सांसद आलोक संजर को बिना हेलमेट बाइक चलाना भारी पड़ गया. यह घटना सोमवार की है, जब आलोक संजर एकात्म यात्रा के तहत शहर में बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे. किसी ने वॉट्सएप के जरिए आलोक संजर के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने उनका चालान काट दिया. (विस्तार से)

पाकिस्तान ने फिर युद्धविराम का उल्लंघन किया, गोलाबारी में बीएसएफ जवान शहीद

पाकिस्तान ने एक बार फिर युद्धविराम का उल्लंघन किया है. जम्मू-कश्मीर में अरनिया और आरएस पुरा सेक्टर से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से बुधवार देर रात हुई गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया. सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान रेंजर मोर्टार से भारी गोलाबारी कर रहे थे. (विस्तार से)

इस ख़ुलासे से फिर साबित हाेता है कि पाकिस्तान कैसे भारत विरोधी आतंकियों को शह और शरण देता है

पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई (इंटर सर्विसेस इंटेलीजेंस) और भारत विरोधी आतंकियों के गठजोड़ से जुड़ा एक और ख़ुलासा हुआ है. यह ख़ुलासा एक बातचीत की शक्ल में है. इसे भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा है. इससे फिर साबित होता है कि पाकिस्तान कैसे भारत विरोधी आतंकियों को शह और शरण देता है. (विस्तार से)

क्यों एयरलाइंस लैपटॉप ‘चेक इन बैगेज’ में रखने का विकल्प खत्म करने की सोच रही हैं

एयरलाइंस हवाई यात्रा के दौरान बैटरी युक्त उपकरणों जैसे लैपटॉप, पावर बैंक, मोबाइल फोन वगैरह को ‘चेक इन बैगेज’ में रखने का विकल्प खत्म करने की सोच रही हैं. यानी यात्रियों को इन्हें अपने हैंड बैगेज (जो केबिन में ले जाया जाता है) में रखकर यात्रा पूरी करनी होगी. (विस्तार से)

शशिकला के भाई का दावा - जयललिता का निधन पांच को नहीं चार दिसंबर को हुआ था

अब तक माना जाता है कि तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता का निधन पांच दिसंबर 2016 को हुआ था. क्योंकि इसी दिन चेन्नई के अपोलो अस्पताल (यहां जयललिता का इलाज चल रहा था) ने उनके निधन की औपचारिक तौर पर पुष्टि की थी. लेकिन जयललिता की सहयोगी रहीं शशिकला नटराजन के भाई वी दिवाहरन ने अब एक नया दावा किया है. (विस्तार से)

लखनऊ : गुड़गांव के रयान स्कूल जैसी घटना, छात्रा ने टॉयलेट में पहली कक्षा के छात्र को चाकू मारा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुड़गांव के रयान इंटरनेशनल स्कूल जैसी घटना की खबर है. बताया जा रहा है कि यहां के त्रिवेणीनगर इलाके में स्थित ब्राइटलैंड इंटर कॉलेज में 12 साल की एक छात्रा ने सात साल के छात्र पर धारदार चीज से हमला कर दिया. रयान वाली घटना की तरह यह हमला भी स्कूल के टॉयलेट में किया गया. (विस्तार से)

5000 किलोमीटर दूर तक वार करने में सक्षम ​अग्नि-5 का चौथा सफल परीक्षण

भारत ने इंटर कॉन्टिनेन्टल बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) अग्नि-5 का चौथा सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण गुरुवार सुबह ओडीशा के अब्दुल कलाम द्वीप (पहले व्हीलर द्वीप) से हुआ. बताया जा रहा है कि यह इस मिसाइल का अंतिम प्रायोगिक परीक्षण था. (विस्तार से)

सुप्रीम कोर्ट ने ‘पद्मावत’ पर प्रतिबंध हटाया, अब फिल्म 25 को पूरे देश में एक साथ रिलीज़ होगी

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ की रिलीज़ पर लगा प्रतिबंध हटा दिया है. अब यह फिल्म 25 जनवरी को पूरे देश में एक साथ रिलीज़ की जाएगी. अदालत ने इसके साथ ही सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि फिल्म के प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित प्रबंध करें. (विस्तार से)

बसों और टैक्सियों में एक अप्रैल तक जीपीएस और अलर्ट बटन लगाना अनिवार्य

सार्वजनिक परिवहन सेवाएं देने वाली टैक्सियों और बसों को आगामी एक अप्रैल से ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) उपकरण और ‘अलर्ट बटन’ (जिसे दबाकर यात्री पुलिस की मदद ले सकते हैं) लगाना अनिवार्य होगा. हालांकि रिक्शा और इलेक्ट्रिक रिक्शा को इससे मुक्त रखा गया है. (विस्तार से)

जम्मू-कश्मीर टेरर फंडिंग मामला : हाफिज सईद सहित 12 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र पेश

जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को आर्थिक मदद पहुंचाने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 12 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है. गुरुवार को दिल्ली की एक अदालत में पेश इस आरोपपत्र में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा के प्रमुख हाफिज सईद और हिजबुल मुजाहिद्दीन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन के अलावा 10 कश्मीरी अलगाववादियों के नाम शामिल हैं. (विस्तार से)

क्या ‘पद्मावत’ की रिलीज़ अब भी कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती है?

खासी विवादित हाे चुकी फिल्म ‘पद्मावत’ की रिलीज़ अगले कुछ दिनों में कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है. राजपूत नेताओं के ताज़ा बयानों के बाद यह आशंका जताई जा रही है. हरियाणा के राजपूत नेता सूरज पाल अमू ने कहा, ‘आज सुप्रीम कोर्ट ने उन लाखों-करोड़ों लोगों, लाखों-करोड़ हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है जो उसका सम्मान करते हैं. हमारा संघर्ष जारी रहेगा चाहे मुझे फांसी लगा दो. ये फिल्म (पद्मावत) रिलीज़ होगी तो देश टूटेगा.’ (विस्तार से)

मोदी सरकार ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति को खत्म कर दिया है : मुख्तार अब्बास नकवी

अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तुष्टीकरण और वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है. गुरुवार को उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार ने तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति को खत्म कर दिया है जो कई सालों से जारी थी.’ (विस्तार से)

सुप्रीम कोर्ट में राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सुनवाई के सीधे प्रसारण के लिए याचिका दाखिल

सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने शीर्ष अदालत में आधार जैसे राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सुनवाई का सीधा प्रसारण करने की मांग की है. इसके लिए गुरुवार को उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई है. इसमें उन्होंने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का सीधा प्रसारण करने से उसके फैसलों की गलत रिपोर्टिंग रोकने में मदद मिलेगी. (विस्तार से)

उत्तर प्रदेश सरकार ने आगरा, कानपुर और मेरठ के लिए मेट्रो रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी

उत्तर प्रदेश सरकार ने आगरा, कानपुर औैर मेरठ में मेट्रो रेल की सेवाएं शुरू करने फैसला किया है. गुरुवार को यह जानकारी राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री और प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दी. उनके मुताबिक ‘इन तीनों शहरों में मेट्रो रेल की सेवाएं 2024 तक शुरू कर दी जाएंगी. इन परियोजनाओं की कुल आनुमानित लागत 43,800 करोड़ रुपये होगी.’ (विस्तार से)

मैं हिंदू विरोधी नहीं, बल्कि मोदी, शाह और हेगड़े विरोधी हूं : प्रकाश राज

अभिनेता प्रकाश राज ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े के हिंदू होने पर सवाल उठाया और जमकर निशाना साधा. हैदराबाद में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘वे मुझे हिंदू विरोधी कहते हैं. लेकिन मैं मोदी, शाह और हेगड़े विरोधी हूं. वे लोग हिंदू नहीं हैं. जो लोग हत्याओं का समर्थन करते हैं, वे हिंदू नहीं हैं.’ (विस्तार से)

जीएसटी पर और राहत, 29 चीजों और 53 सेवाओं पर टैक्स की दर घटाई गई

वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) के मोर्चे पर सरकार ने छोटे कारोबारियों और ग्राहकों को बड़ी राहत दी है. जीएसटी परिषद ने हैंडीक्राफ्ट्स सहित 29 चीजों पर जीएसटी को कम करने का फैसला किया है. इसके अलावा 53 सेवाओं पर भी जीएसटी दर को कम किया जाएगा. नई दिल्ली में हुई जीएसटी परिषद की बैठक में यह फैसला हुआ. (विस्तार से)

पाकिस्तान अमेरिका की आर्थिक मदद के बिना भी जी सकता है : ख्वाजा आसिफ

पाकिस्तान ने कहा है कि वॉशिंगटन के साथ संबंधों में वह सामंजस्य चाहता है, लेकिन वहां से मिलने वाली आर्थिक मदद के लिए वह अपनी अखंडता दांव पर नहीं लगा सकता. यह बात पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कही. इस्लामाबाद में एक बैठक में आसिफ ने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आतंकवाद से जंग के मुद्दे पर पाकिस्तान की निंदा के बाद से दोनों देशों के आपसी संबंध सामान्य नहीं रहे. (विस्तार से)