आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) कानपुर की एक छात्रा ने भारतीय वायु सेना के अफ़सर पर बलात्कार का आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़ित छात्रा ने कानपुर के एक थाने में रिपोर्ट भी दर्ज़ कराई है. कल्याणपुर इलाके के सर्किल अफ़सर नवीन कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पीड़ित लड़की ने प्राथमिकी (एफ़आईआर) में बताया है कि बिहार के सारन के रहने वाले वायु सेना अफ़सर सितांशु से उसकी जान-पहचान साेशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के जरिए हुई थी. यह एक साल पहले की बात है. इसके बाद वे दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे. फिर कुछ महीने पहले ही सितांशु ने उसके सामने शादी का प्रसताव रख दिया. इसी की आड़ में वह आईआईटी परिसर में स्थित गर्ल्स होस्टल में भी आने-जाने लगा.
लड़की ने बताया कि होस्टल में ही उसके कमरे में सितांशु ने कई बार उसके साथ बलात्कार किया. पुलिस के अनुसार पीड़ित लड़की ने सितांशु की बहन और जीजा को भी आरोपित बनाया है. मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज़ करा लिए गए हैं. आरोपितों के ख़िलाफ़ भारतीय दंड विधान (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज़ कर लिया गया है. लेकिन अब तक किसी की ग़िरफ़्तारी नहीं हुई है. जांच जारी है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.