फ्रांस की तकनीक से जुड़ी कंपनी आर्कोज ने दुनिया का पहला एंड्रॉयड-संचालित इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉंच किया है. सिटी कनेक्ट नाम से उतारे गए इस स्कूटर में एक एंड्रॉयड कंप्यूटर डिस्प्ले दिया गया है जिसमें स्मार्टफोन से जुड़े लगभग सभी फीचर्स हैं. खबरों के अनुसार पांच इंच के इस डिस्प्ले को स्कूटर चलाते समय आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. इस एंड्रॉयड डिस्प्ले को इस तरह से बनाया गया है कि इस पर हलकी-फुलकी दुर्घटना और खराब मौसम का कोई असर नहीं पड़ेगा.
हालांकि, अभी कम्पनी ने एंड्रॉयड डिस्प्ले से जुड़े ज्यादा फीचर्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इसमें गूगल मैप की उपलब्धता निश्चित बताई जा रही है. 3जी नेटवर्क को सपोर्ट करने वाली इस एंड्रॉयड डिवाइस में एक जीबी रैम, आठ जीबी फ्लैश मेमोरी और क्वाड-कोर प्रोसेसर दिया गया है. साथ ही यह एंड्रॉयड ओरियो ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है. आर्कोज का कहना है कि यूजर इस स्कूटर से संबंधित एप डाउनलोड कर इसके लॉक को कुछ दूरी से भी नियंत्रित कर सकते हैं.

अन्य हार्डवेयर की बात करें तो स्कूटर में 8.5 इंच के दो पहिए दिए गए हैं जो पंचर प्रूफ हैं. इसमें 250 वॉट की एक मोटर है और यह स्कूटर 100 किग्रा तक का वजन सह सकता है. कंपनी का दावा है कि स्कूटर की बैटरी दो से तीन घंटे में फुलचार्ज हो जायेगी और एक बार चार्ज होने पर स्कूटर 25 किमी तक जाने में सक्षम है.
आर्कोज के अनुसार उसने इस स्कूटर को यूरोप की घनी आबादी वाले इलाकों को ध्यान में रखकर बनाया है जिस कारण इसकी अधिकतम गति 25 किमी/घंटा ही रखी गयी है. यूरोप के बाजार में इस इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की कीमत 617 डॉलर यानी करीब 40 हजार रुपए होगी.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.