‘चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति बहुत संवेदनशील है.’
— सुभाष भामरे, रक्षा राज्यमंत्री
रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे का यह बयान चीन के साथ तनाव बढ़ने की आशंका जताते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘जब तक दोनों देशों के बीच भरोसा बहाल करने के उपायों को अपनाया जा रहा है, हम वास्तविक नियंत्रण रेखा को उल्लंघन से बचाने के लिए सारे जरूरी प्रयास करते रहेंगे.’ पाकिस्तान के बारे में सुभाष भामरे ने कहा कि भारत एक बहुत दुरूह पड़ोसी के साथ रहता है, जिसमें सुरक्षा की सैकड़ों चुनौतियां हैं. उन्होंने यह भी कहा कि नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन से मामला नहीं सुलझने वाला है, बल्कि इससे सेना और नागरिकों को लगातार नुकसान उठाना पड़ता है.

‘सीबीआई एक भरोसेमंद जांच एजेंसी है.’
— राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का यह बयान आईएनएक्स मीडिया मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को गिरफ्तार करने पर आया. उन्होंने कहा, ‘सीबीआई अपना काम कर रही है. इस बारे में और कोई टिप्पणी नहीं करूंगा.’ गुरुवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने कार्ति चिदंबर को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. असम की कानून-व्यवस्था पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘दिसंबर 2014 में मैंने कहा था कि असम की जमीन पर हिंसा की कोई जगह नहीं है...अब असम में हिंसा का दौर समाप्त हो चुका है.’
‘खाऊंगा, खाने दूंगा और पैक करके ले जाने दूंगा, लगता है यह (मोदी) सरकार का नया नारा हो गया है.’
— रणदीप सुरजेवाला, कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का यह बयान पंजाब नेशनल बैंक में एक और जालसाजी होने का दावा करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘ऑर्ट ऑफ लीविंग के तहत गुजरात के ज्वैलर जतिन मेहता ने पीएनबी सहित बैंकों के 6,712 करोड़ रुपये दांव पर लगा दिए हैं.’ रणदीप सुरजेवाला ने आगे कहा कि बीते 12 दिनों में नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और जतिन मेहता द्वारा बैंकों के साथ 31 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने के मामले सामने आ चुके हैं. उन्होंने यह भी पूछा कि मोदी सरकार ने अभी तक जतिन मेहता, उसकी पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस क्यों नहीं जारी किया है.
‘मैं अच्छा काम करने से पीछे नहीं हटूंगा.’
— श्री श्री रविशंकर, ऑर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर का यह बयान आपसी बातचीत से अयोध्या विवाद को सुलझाने की अपनी कोशिशों को लेकर आया. उन्होंने कहा, ‘जब भी कोई अच्छा काम शुरू करो तो समस्याएं आती ही हैं.’ श्री श्री रविशंकर ने कहा कि समाज में सभी लोगों से अच्छे संबंध होने चाहिए. बीते कुछ दिनों में उन्होंने अयोध्या विवाद को अदालत के बाहर सुलझाने की कोशिश के तहत सभी पक्षों से मुलाकात की है. हालांकि, बाबरी मस्जिद और राम जन्मभूमि विवाद से जुड़ी याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं.
‘रूस ने नए परमाणु हथियार विकसित किए हैं जो अपराजेय हैं.’
— व्लादिमीर पुतिन, रूस के राष्ट्रपति
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यह बयान राष्ट्रपति चुनाव से पहले अपनी प्रमुख नीतियों को सामने रखते हुए आया. उन्होंने कहा कि नए परमाणु हथियार में क्रूज मिसाइल भी शामिल है, जिससे दुनिया में कहीं भी निशाना साधा जा सकता है. व्लादिमीर पुतिन ने आगे कहा, ‘उन्हें (पश्चिमी देशों को) इस नई हकीकत को स्वीकार करना चाहिए...यह दिखावा नहीं है.’ उन्होंने वीडियो प्रस्तुतीकरण में परमाणु हमला करने में सक्षम दो प्रणालियों की जानकारी दी. उनके मुताबिक एक प्रणाली में शामिल क्रूज मिसाइल नीची उड़ान भरने में सक्षम है, जिससे वह राडार की पहुंच से बाहर होती है और यह मौजूदा व भविष्य की सभी मिसाइल और हवाई रक्षा प्रणालियों का मुकाबला कर सकती है. दूसरी प्रणाली को पनडुब्बी से दागा जा सकता है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.