घरेलू विमानन क्षेत्र में 40 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो एयरलाइंस ने बुधवार को 42 उड़ानें रद्द कर दीं. फाइनेंशियल एक्सप्रेस के मुताबिक इसका असर चारों महानगरों सहित श्रीनगर, जयपुर और हैदराबाद जैसे शहरों के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों पर पड़ा है. इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के बाद घरेलू उड़ान सेवा देने वाली कई दूसरी कंपनियों ने किराये में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी है.
इससे पहले मंगलवार को भी इंडिगो ने 47 और गोएयर ने 18 उड़ानें रद्द की थी. दोनों कंपनियों की तरफ से उड़ानें रद्द किए जाने के पीछे नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की तरफ से किया गया एक अहम फैसला है. सोमवार को डीजीसीए ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों कंपनियों के ए320 नियो विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी थी. इसके बाद इंडिगो के आठ और गो एयर के तीन विमान खड़े कर दिए गए.
इससे पहले मंगलवार को इंडिगो और गो एयर ने कहा था कि वे दूसरी उड़ानों के जरिये यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं. उनका यह भी कहना था कि यात्रियों को बिना किसी शुल्क के अपना टिकट रद्द कराने का विकल्प भी दिया गया है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.