चौथी बार रूस का राष्ट्रपति चुने जाने पर व्लादिमीर पुतिन को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बधाई दी है. दोनों नेताओं के बीच मंगलवार को फोन पर आपस में बातचीत हुई थी. व्हाइट हाउस में पत्रकारों को जानकारी देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पुतिन के राष्ट्रपति चुने जाने के दो दिन बात उन्होंने इस रूसी नेता को फोन किया था. अमेरिकी राष्ट्रपति ने उम्मीद जाहिर की है कि दोनों देशों के बीच की दूरियां कम होंगी और भविष्य में वे एक साथ काम करेंगे.
इस बारे में रूसी सरकार की तरफ से भी एक बयान जारी किया गया है. इसमें कहा गया है, ‘दोनों नेताओं के बीच व्यापारिक हितों को बढ़ावा देने वाली सृजनात्मक बातचीत हुई. उन्होंने हथियारों की दौड़ को कम करने के अलावा आर्थिक हितों को पूरा करने के लिए मिलकर कदम बढ़ाने पर जोर दिया. इसके अलावा यूक्रेन और सीरिया में जारी संकट के साथ आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने पर भी बात हुई.’
अंतराष्ट्रीय मामलों के जानकार रूस और अमेरिका की इस बातचीत को सकारात्मक तौर पर देख रहे हैं क्योंकि बीते दिनों ब्रिटेन की जमीन पर एक रूसी जासूस और उसकी बेटी की हत्या की कोशिश के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था. हालांकि दोनों नेताओं की आपसी बातचीत में इस मुद्दे को लेकर कोई बात हुई या नहीं, इस बारे में न तो अमेरिका ने कुछ कहा और न ही रूस ने.
कुछ खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने डोनाल्ड ट्रंप को पुतिन को बधाई न देने की सलाह दी थी, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसे नजरअंदाज कर दिया. उधर, रिपब्लिकन पार्टी के नेता और सीनेटर जॉन मैकेन ने डोनाल्ड ट्रंप के इस कदम की आलोचना की है. उन्होंने कहा है कि फर्जी चुनाव के जरिये जीतने वाले पुतिन को बधाई देने जैसे काम करके अमेरिका दुनिया की अगुवाई नहीं कर सकता.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.