‘अगर आप (भाजपा) हमें (सपा-बसपा को) अलग नहीं कर पाए तो कभी सत्ता में नहीं आ पाएंगे.’

— अखिलेश यादव, सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह बयान भाजपा पर सपा-बसपा की दोस्ती तोड़ने का आरोप लगाते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘अब सपा और बसपा एक हैं. आप (भाजपा) गेस्ट हाउस कांड और अन्य बातों की याद दिला रहे हैं, लेकिन मुझे खुशी है कि बसपा नेता (मायावती) ने इसका जवाब दे दिया है.’ अखिलेश यादव ने कहा कि अब भाजपा को सभी चुनावों में हार का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने लोकसभा उपचुनाव में समर्थन करने वाले बसपा सहित सभी दलों का आभार जताया. सपा-बसपा की दोस्ती की तुलना सांप-छछूंदर से करने का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.

‘संसद में चल रहा हंगामा सरकार प्रायोजित है.’

— मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का यह बयान संसद की कार्यवाही स्थगित होने पर आया. उन्होंने कहा कि सरकार एआईएडीएमके के सांसदों को हंगामे के लिए उकसा रही है, ताकि अविश्वास प्रस्ताव चर्चा के लिए स्वीकार न हो सके. मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा, ‘अगर अविश्वास प्रस्ताव चर्चा होती है तो कई मुद्दों पर सरकार बेनकाब हो जाएगी...चाहे वह अर्थव्यवस्था हो या विदेश नीति.’ तेलुगु देशम पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस लगातार अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे रही है. लेकिन, सदन में हंगामे और कार्यवाही स्थगित होने के चलते उस पर चर्चा नहीं हो पा रही है.


‘यह तो वक्त बताएगा कि कांग्रेस बी टीम बनेगी या जेडी(एस).’

— एचडी देवगौड़ा, जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जेडी(एस) को भाजपा की ‘बी टीम’ बताने पर आया. उन्होंने कहा, ‘जब सिद्धारमैया उपमुख्यमंत्री और धर्म सिंह मुख्यमंत्री थे, तब हम कांग्रेस के लिए बी टीम थे. अब क्या होगा, यह वक्त बताएगा.’ जेडी(एस) अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा ने आगे कहा कि चुनाव के बाद बसपा के अलावा किसी दल से गठबंधन नहीं किया जाएगा. कर्नाटक में 12 मई को मतदान होना है.


‘अमित मालवीय का ट्वीट एक टीवी चैनल के स्रोत पर आधारित था.’

— मुख्तार अब्बास नकवी, केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का यह बयान भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय द्वारा चुनाव आयोग से पहले ही कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीख बताने पर आया. उन्होंने कहा, ‘अमित मालवीय का मकसद चुनाव आयोग की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं था.’ मुख्तार अब्बास नकवी ने आगे कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस के एक नेता ने भी ऐसा ही ट्वीट किया था, लेकिन बाद में हटा दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि अमित मालवीय को ऐसा ट्वीट नहीं करना चाहिए था. चुनाव आयोग ने कर्नाटक में 12 मई को मतदान और 18 मई को मतगणना कराने की घोषणा की है.


‘मुझे लगता है कि (भारत में) उसकी (कैंब्रिज एनालिटिका) क्लाइंट कांग्रेस थी.’

— क्रिस्टोफर वायली, कैंब्रिज एनालिटिका के व्हिसिलब्लोअर

ब्रिटिश व्हिसिलब्लोअर क्रिस्टोफर वायली का यह बयान चुनावों को प्रभावित करने के आरोपों में घिरी कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका के भारत में कारोबार को लेकर आया. इस मामले की सुनवाई कर रही ब्रिटिश संसद की समिति के सामने उन्होंने कहा, ‘कैंब्रिज एनालिटिका ने भारत में कई प्रोजेक्ट किए थे, मुझे राष्ट्रीय प्रोजेक्ट तो याद नहीं, लेकिन क्षेत्रीय प्रोजेक्ट था.’ क्रिस्टोफर वायली के मुताबिक कैंब्रिज एनालिटिका के भारत में दफ्तर और कर्मचारी भी थे. उन्होंने कहा कि उनके पास भारत से जुड़े कुछ दस्तावेज हो सकते हैं, जिसे वे समिति को सौंप देंगे. उनके इस बयान पर भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब मांगा है. वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इसे झूठ बताया है और सरकार को पूरे मामले की जांच कराने की चुनौती दी है.