कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी लगातार सक्रिय हैं. इस सिलसिले में अब ताज़ा ख़बर ये है कि अमेठी के ग़रीब परिवारों को ईरानी 10 हजार गायें वितरित करने वाली हैं.
द एशियन एज़ के मुताबिक अमेठी के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से दो-दो हजार ग़रीब परिवारों को एक-एक गाय दी जाएगी. ताकि वे उसके ज़रिए वे अपनी आजीविका का बंदोबस्त कर सकें. फिलहाल भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों से ऐसे ग़रीबों की पहचान के काम में लगे हैं. इस काम में नर्मदा फ़र्टिलाइजर्स नाम की कंपनी के प्रतिनिधि भी भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद कर रहे हैं.
बताया जाता है कि नर्मदा फ़र्टिलाइज़र्स की ओर से ही कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत ग़रीबों को वितरित करने के लिए गायें ख़रीदी जा रही हैं. इन्हें ईरानी की आगामी अमेठी यात्रा के दौरान वितरित किए जाने का कार्यक्रम है. ग़ौरतलब है कि इससे पहले ईरानी ने बीती मकर संक्रांति पर क्षेत्र के लोगों के बीच मिठाई बंटवाई थी. जबकि पिछले साल दिवाली पर महिलाओं को साड़ियां दी गई थीं.
यहां यह भी याद दिलाते चलें कि 2014 ईरानी ने अमेठी से ही राहुल गांधी के ख़िलाफ़ लोक सभा का चुनाव लड़ा था. लेकिन उस वक़्त वे जीत नहीं सकी थीं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.