कपिल शर्मा एक बार फिर से गलत वजहों से चर्चा में आ गए हैं. इस बार मामला एक फिल्मी पत्रकार को फोन पर धमकाने और गाली-गलौज करने का है. हाल ही में बॉलीवुड न्यूज-वेबसाइट स्पॉटबॉय डॉट कॉम के सोशल मीडिया चैनल पर कपिल शर्मा और वेबसाइट के संपादक विकी लालवानी के बीच हुई एक बातचीत जारी की गई है. इसमें कपिल शर्मा ने पोर्टल और लालवानी पर गलत रिपोर्टिंग करने और उनको मानसिक तकलीफ देने का आरोप लगाया है. पंद्रह मिनट लंबी इस रिकॉर्डिंग में करीब शुरूआती पांच मिनट की बातचीत कपिल शर्मा ने की है और इसमें वे न सिर्फ संपादक को धमकाते हैं बल्कि उन्हें मां-बहन की गालियां देते हुए भी सुने जा सकते हैं. बाकी की बातचीत शर्मा के खास दोस्त गुरजोत करते है और उनका भी बातचीत करने का तरीका सही नहीं लगता है.

Play

शुक्रवार को स्पॉटबॉय में छपे इस ‘एक्सक्लूसिव इंटरव्यू’ के बाद खबर आई है कि कपिल शर्मा ने विकी लालवानी और अपनी पूर्व-मैनेजर जोड़ी नीति और प्रीति के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करवाई है. इसमें कपिल का आरोप है कि इन तीनों ने उन्हें धमकाते हुए उनसे पच्चीस लाख रुपए की मांग की थी जिसे कपिल ने मानने से मना कर दिया. कपिल का कहना है कि इसीलिए अब उनकी छवि खराब करने के लिए पोर्टल पर झूठी खबरें प्रकाशित की जा रही हैं. अगर इस बात को सच मान भी लिया जाए तो भी कपिल शर्मा का व्यवहार उनकी तरफ सहानुभूति से देखे जाने की वजह खत्म कर देता है. रिकॉर्डेड बातचीत और शुक्रवार की रात कपिल शर्मा ने जिस तरह अपने ट्विटर अकाउंट पर स्पॉटबॉय पोर्टल और उसके संपादक के लिए गालियां लिखी हैं, वह उनकी बेहद खराब छवि को प्रदर्शित करता है. हालांकि बाद में कपिल शर्मा ने अपने सारे ट्वीट्स डिलीट कर दिए.

बहुत संभावना है कि कपिल शर्मा सच में किसी मानसिक समस्या से जूझ रहे हों, इसके बावजूद उनका फोन करके एक पत्रकार को धमकाना एक गलत परंपरा की शुरूआत कहा जाना चाहिए. इस मसले को इस तरह भी देखा जा सकता है कि अब नेताओं के बाद अभिनेता भी मीडिया को बताने लगे हैं कि उसे कैसे काम करना चाहिए, क्या लिखना चाहिए और क्या नहीं. मीडिया कपिल के बारे में सिर्फ इसलिए लिखता है कि वे एक लोकप्रिय शख्सियत हैं और लोग उनके बारे में पढ़ना-जानना चाहते हैं. फिर चाहे वह उनके शो के सुपरहिट होने की खबर हो या फिर उनके शूट कैंसिल कर देने की. अपना काम अच्छे से न कर पाने की या उसके असफल हो जाने की खीझ कपिल या कोई भी सितारा मीडिया को यह नसीहत देकर नहीं कर सकता कि उन्हें इस सिर्फ सकारात्मक खबरें लिखनी चाहिए.

दूसरी तरफ, यह वाकया लगातार सुहाना खान की हॉट पिक्स और तैमूर अली खान की क्यूट स्माइल रिपोर्ट करने वाले मीडिया के लिए भी वेकिंग अलार्म की तरह होना चाहिए. किसी सेलिब्रिटी की जिंदगी में लगातार तांक-झांक करते हुए बेतुकी खबरें देकर आप न सिर्फ उसे मानसिक तनाव देते हैं बल्कि अपनी विश्वसनीयता भी कम कर लेते हैं. स्पॉटबॉय के सोशल मीडिया अकाउंट पर रीडर्स के कमेंट पढ़कर भी यह बात समझी जा सकती है. यहां पर एक बड़ा तबका है जो कपिल शर्मा के पक्ष में खड़ा दिखता है और ऐसा सिर्फ इसलिए नहीं है कि वे शर्मा के फैन हैं. यहां पर कई यूजर्स यह कहते नजर आते हैं कि पत्रकार के साथ जो व्यवहार हुआ, वह उसी के लायक है. कपिल के मामले में मीडिया की रिपोर्टिंग सही होते हुए भी बाकी मामलों में की गई थोथी बातें कई लोगों के लिए उसका पलड़ा थोड़ा हल्का कर देती हैं.