बुधवार की शाम जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल- 2018 का छठां मैच खेला गया. राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स पर 10 रन से रोमांचक जीत दर्ज की. बारिश की वजह से हालांकि करीब दो घंटे मैच बाधित हुआ. फिर डकवर्थ लुइस नियम के आधार पर दिल्ली को संशोधित लक्ष्य दिया गया. मैच में जीत के लिए दिल्ली को छह ओवर में 71 रन बनाने थे लेकिन वह सिर्फ 60 रन ही बना सकी.
टॉस जीतने के बाद दिल्ली के कप्तान गौतम गंभीर ने राजस्थान को बल्लेबाजी का न्यौता दिया था. बैटिंग करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज डार्सी शॉर्ट को विजय शंकर ने रन आउट कर दिया. इसके बाद बेन स्टोक्स भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए. फिर संजू सैमसन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े. खतरनाक होती इस साझेदारी को शाहबाज नदीम ने तोड़ा. उन्होंने सैमसन को क्लीन बोल्ड किया.
राजस्थान का कुल स्कोर अभी सैकड़े के पार ही पहुंचा था तो रहाणे एक खराब शॉट खेलते हुए आउट हो गए. इसके बाद जोस बटलर ने तीन शानदार छक्कों के दम पर स्कोर 150 तक पहुंचाया. इससे पहले कि वे दिल्ली के लिए और ज्यादा खतरा बनते शमी ने उन्हें बोल्ड कर दिया. मैच के 18वें ओवर में राजस्थान का स्कोर 153 पर पहुंच चुका था तभी बारिश शुरू हो गई. बारिश से देर तक खेल रुका होने से डकवर्थ लुइस नियम का सहारा लिया गया.
36 गेंदों में 71 रन के संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. ओपनर कॉलिंग मुनरो को बिना खाता खोले मैदान से लौटना पड़ा. इसके बाद 17 रन का योगदान देने के बाद मैक्सवेल भी पवेलियन लौट गए. ऋषभ पंत भी 14 गेंदों पर 20 रन का ही योगदान दे सके. उनके बाद विजय शंकर तीन के निजी स्कोर पर आउट हुए. नाबाद रहे मोरिस ने 17 रन का योगदान दिया. इस तरह दिल्ली तय लक्ष्य से 10 रन पीछे रहे गई. मैन आॅफ द मैच का खिताब संजू सैमसन को दिया गया.
आईपीएल के इस सीजन में दोनों टीमों का यह दूसरा मुकाबला था. इससे पहले दोनों ही टीमें अपना पहला मैच हार चुकी थीं. अंक तालिका में चेन्नई सुपर किंग्स शीर्ष पर है इसने अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए चार अंक हासिल किए हैं. मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली डेयरडेविल्स का अब तक अंकों का खाता नहीं खुल सका है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.