चीन की कंपनी वीवो ने काफी समय से चर्चा में चल रहे अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन वी-9 का नया वर्जन भारत में लॉन्च कर दिया है. ‘वीवो वी-9 यूथ’ नाम से उतारा गया यह फोन 18,990 रुपए में ऑफ़लाइन स्टोर पर बिक्री के लिए उपलब्ध है. इस स्मार्टफोन को शुक्रवार 24 अप्रैल से फ्लिपकार्ट, अमेज़ॉन, पेटीएम मॉल और वीवो के ई-स्टोर से ऑनलाइन भी खरीदा जा सकेगा.
शनिवार को इसकी लॉंचिंग के बाद वीवो इंडिया के सीएमओ केंनी जेंग ने कहा, ‘हमने वीवो वी-9 यूथ को विशेष तौर पर युवाओं को ध्यान में रखकर बनाया है. इसके जरिये हम ‘वीवो वी-9’ के फ्लैगशिप फीचर्स को युवाओं और मॉडर्न कस्टमर्स के लिए नए अवतार में उतार रहे हैं.’

‘वीवो वी-9 यूथ’ के फीचर्स की बात करें तो इस स्मार्टफोन में कंपनी ने कई ऐसे फ़ीचर्स दिए हैं, जो उसने पहले इस रेंज के स्मार्टफोन्स में नहीं दिए थे. इस स्मार्टफोन की तीन खूबियां इसे विशेष बनाती हैं. पहली यह कि इसमें आईफोन-एक्स की तरह ‘नॉच’ दिया गया है. इसके अलावा वीवो के फोन्स की सबसे बड़ी खूबी उसका कैमरा माना जाता है. ‘वीवो वी-9 यूथ’ में भी कैमरा मुख्य आकर्षण है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की खूबी के साथ डुएल रियर कैमरा दिया गया है जिसमें से एक 16 मेगापिक्सल का है और दूसरा 2 मेगापिक्सल का. एचडीआर को सपोर्ट करने वाले रियर कैमरे में टच फोकस, पैनोरामा और फेस डिटेक्शन जैसे कई अत्याधुनिक फीचर्स दिए गए हैं. इस स्मार्टफोन का 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस है जो 1080पी की बेहतरीन क्वालिटी में वीडियो भी रिकॉर्ड कर सकता है.
‘वीवो वी-9 यूथ’ की एक और बड़ी खूबी इसका ‘गेम मोड’ फीचर है. कंपनी का दावा है कि ‘गेम मोड’ को ऑन करने बाद जब भी कोई यूजर गेम खेलेगा तो इस दौरान नोटिफिकेशन उसे परेशान नहीं करेंगे. साथ ही इसमें यूजर्स की सहूलियत के लिए वर्चुअल गेमिंग कीबोर्ड भी दिया गया है जिससे गेम खेलने के दौरान भी चैटिंग की जा सकती है.
‘वीवो वी-9 यूथ’ के अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें 6.3 इंच की फुल व्यू डिस्प्ले दी गयी है जो 19:9 के आस्पेक्ट रेशो में है. इसमें क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 450 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 32 जीबी इनबिल्ट स्टोरेज है. इसके अलावा इस स्मार्टफोन की स्टोरेज को 256 जीबी तक के माइक्रो एसडी कार्ड के जरिए बढ़ाया जा सकता है. 3260 एमएएच की बैटरी वाला ‘वीवो वी-9 यूथ’ एन्ड्रॉयड 8.1 ओरियो आधारित फनटच ओएस 4.0 पर काम करता है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.