‘राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेना हमारा अधिकार है.’
— मेघनाथ, फिल्म निर्माता
फिल्म निर्माता मेघनाथ का यह बयान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जगह केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों पुरस्कार लेने से इनकार करते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘फिल्में बनाने में कई घंटे, जबकि पुरस्कार देने में राष्ट्रपति को केवल एक मिनट लगता है.’ मोदी सरकार पर 65 साल पुरानी परंपरा तोड़ने का आरोप लगाते हुए मेघनाथ ने कहा, ‘हम व्यवसायिक फिल्म निर्माता नहीं हैं. अगर पहले बता दिया होता तो हम लोग यहां (दिल्ली) न आए होते.’ फिल्म निर्माता मेघनाथ के साथ 68 लोगों ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड लेने से तब इनकार कर दिया, जब उन्हें बताया गया कि केवल 11 को ही राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार मिलेगा, बाकी लोगों को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पुरस्कार देंगी.

‘भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा को कैदियों से भर देने की योजना बनाई है.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान कर्नाटक में दागियों को टिकट देने के लिए भाजपा को घेरते हुए आया. उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव राहुल गांधी या नरेंद्र मोदी के लिए नहीं, बल्कि रोजगार, विकास और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हो रहा है. राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘मोदी जी किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास पर बात करनी चाहिए, न कि मुझ पर निजी हमले करने चाहिए. यह भारत के प्रधानमंत्री का व्यवहार नहीं है.’ उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री की बातों में सच्चाई और वजन होना चाहिए. कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हर किसी के खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने के मामले में झूठ बोलने की बात अब मान लेनी चाहिए.
‘भारत में जिन्ना के महिमामंडन का सवाल ही नहीं उठता.’
— आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का यह बयान अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के यूनियन हॉल में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर लगाने को लेकर जारी विवाद पर आया. उन्होंने कहा, ‘जिन्ना ने हमारे देश का बंटवारा करा दिया था, हम उनकी उपलब्धियों का बखान कैसे कर सकते हैं.’ कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘मैं यहां आपसे कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति, जिहादी सोच और भ्रष्टाचार व आतंकवाद को बढ़ावा देने की नीतियों को खारिज करने की अपील करने आया हूं.’ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सिद्धारमैया सरकार कर्नाटक में अराजकता को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया.
‘अगर भाजपा नेता इस्लाम के नाम पर वोट मांगने की बात साबित कर दें तो मैं राज्यसभा से इस्तीफा दे दूंगा.’
— गुलाम नबी आजाद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद का यह बयान कर्नाटक में इस्लाम के नाम पर वोट मांगने के भाजपा नेताओं के आरोपों के जवाब में आया. उन्होंने कहा, ‘भाजपा के जो नेता चुनाव आयोग गए हैं, उन्हें मेरी यह चुनौती स्वीकार करनी चाहिए, नहीं तो अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए.’ गुलाम नबी आजाद ने आगे कहा, ‘मैंने सेक्युलर पार्टियों से साथ आने की अपील की हैं. न कि यह कहा कि मुसलमानों इकट्ठा हो जाओ, इस्लाम खतरे में है या इस्लाम के नाम पर वोट दे दो.’ केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद के अगुवाई में भाजपा नेता बुधवार को चुनाव आयोग गए थे. वहां अपनी शिकायत में उन्होंने गुलाम नबी आजाद और मल्लिकार्जुन खड़गे पर कर्नाटक में इस्लाम के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाया था.
‘नई तकनीक से लोगों की नौकरियां बचाने के लिए नीतियां बनाने की जरूरत है.’
— तकेहिको नकाओ, एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष
एडीबी के अध्यक्ष तकेहिको नकाओ का यह बयान रोबोटिक्स और कृत्रिम बौद्धिकता से मुकाबला करने के लिए लोगों को प्रशिक्षित करने की जरूरत बताते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘हमें लोगों की आय को समर्थन देने की जरूरत है, न कि मूल आय को. इसके साथ लोगों को जीवन की न्यूनतम सुरक्षा देने की भी जरूरत है.’ लोगों के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा देने की जरूरत बताते हुए तकेहिको नकाओ ने दुनिया में बढ़ रही आर्थिक असमानता पर भी चिंता जताई. एडीबी के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को प्रगतिशील कर व्यवस्था अपनानी चाहिए और उसमें आर्थिक असमानता की समस्या पर ध्यान देना चाहिए.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.