मुख्यमंत्री आदित्यनाथ कर्नाटक में पार्टी का चुनाव प्रचार अभियान बीच में छोड़कर उत्तर प्रदेश लौट आए हैं. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक शनिवार को उन्होंने आगरा में इलाज करा रहे तूफान पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल पूछा. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के राहत इंतजामों की भी समीक्षा की.
बुधवार को भीषण तूफान और बारिश से उत्तर प्रदेश में 64 से ज्यादा लोग मारे गए थे. इसमें सबसे ज्यादा तबाही आगरा जिले में हुई थी. हालांकि, इस आपदा के समय मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के कर्नाटक चुनाव में व्यस्त होने को लेकर विपक्षी नेताओं ने उन पर तीखा हमला बोला था. गुरुवार को ट्विटर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने लिखा था, ‘उत्तर प्रदेश में तूफान से कम से कम 64 लोग मारे गए हैं. मैं उन परिवारों के लिए दिल से संवेदना प्रकट करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजन खो दिए हैं. मुझे दुख है कि आपके मुख्यमंत्री की कर्नाटक में जरूरत है. मुझे उम्मीद है कि वे जल्द लौटेंगे और वहां अपना काम देखेंगे.’ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के अलावा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ पर निशाना साधा था.
इसके जवाब में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने समकक्ष सिद्धारमैया को झूठा बताया था. शुक्रवार को उन्होंने कहा था, ‘सिद्धारमैया झूठ बोलने में बहुत सिद्धहस्त हैं. उत्तर प्रदेश में तूफान और भारी बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की मैं व्यक्तिगत तौर पर निगरानी कर रहा हूं.’ इसके साथ उन्होंने शुक्रवार की रात उत्तर प्रदेश लौटने और आगरा व कानपुर में राहत कार्यों का जायजा लेने की घोषणा कर दी थी.
Agra: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath meets rain & dust storm affected people at a hospital. pic.twitter.com/Ai70A6H4lN
— ANI UP (@ANINewsUP) May 5, 2018
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.