‘देश के सामने जब भी समस्या आती है, राहुल गांधी विदेश भाग जाते हैं.’

— आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘भाजपा को वोट देकर आप कर्नाटक में रामराज्य की नींव डालने में मदद करेंगे.’ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आगे कहा कि राज्य से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की बहुत सी वजहें हैं, जिसमें यह पार्टी, इसके लोग, गरीबों और पिछड़े वर्गों के विकास की समस्या शामिल है. उन्होंने आगे कहा कि सिद्धारमैया सरकार जनता का पैसा लूट कर अपने मंत्रियों पर खर्च कर रही है. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के मुताबिक भाजपा की सरकार बनने जनता का पैसा जनता को लौटा दिया जाएगा.

‘नरेंद्र मोदी ने अगर संविधान को बदलने की कोशिश की तो देश में खूनखराबा हो जाएगा.’

— सिद्धारमैया, कर्नाटक के मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का यह बयान बीते दिनों केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े द्वारा संविधान को बदलने की जरूरत बताने को लेकर आया. भाजपा पर सामाजिक न्याय, गरीबों के कल्याण और समाजवाद पर भरोसा न करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘अनंत कुमार हेगड़े की हैसियत ग्राम पंचायत का नेता बनने की भी नहीं थी, लेकिन उन्हें केंद्र में मंत्री बना दिया.’ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को चौकीदार बताते हैं, लेकिन नीरव मोदी और विजय माल्या फरार हो गए, से चौकीदार हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि कहां हैं अच्छे दिन? मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोचते हैं कि कर्नाटक के नेता हिंदी नहीं समझते, लेकिन उन्हें हिंदी अच्छी तरह समझ में आती है.


‘कांग्रेस तीन तलाक से पीड़ित मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के बारे में अपना रुख स्पष्ट करे.’

— रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय कानून मंत्री

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का यह बयान संसद में लंबित तीन तलाक को अपराध घोषित करने वाले विधेयक को लेकर आया. उन्होंने कहा, ‘इस तीन तलाक विधेयक का किसी धर्म से कोई लेना-देना नहीं है. यह केवल और केवल लैंगिक न्याय, समानता और गरिमा से जुड़ा है.’ मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि कर्नाटक और केंद्र में दोनों जगहों पर भाजपा की सरकार होने पर राज्य को दोहरे इंजन की ताकत मिलेगी, जिससे तेजी से विकास होगा. केंद्रीय कानून मंत्री के मुताबिक कर्नाटक की कांग्रेस सरकार केंद्र से मदद नहीं लेना चाहती, जिससे राज्य का विकास बाधित होता है.


‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल स्पीकर या एयरप्लेन मोड में रहते हैं, वर्क मोड में नहीं.’

— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना मोबाइल फोन के वर्क मोड, स्पीकर मोड और एयरप्लेन मोड से करते हुए आया. बेंगलुरू ग्रामीण में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईंधन की कीमतें घटाने के वादे पर सत्ता में आए थे, अब उन्हें बताना चाहिए कि ईंधन की कीमतें बढ़ क्यों रही हैं और वे उन्हें रोक क्यों नहीं पा रहे?’ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगे कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें 140 डॉलर प्रति बैरल थी, अब 70 रुपये पर, लेकिन सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम न घटाकर करोड़ों रुपये बचा रही है, ये पैसे कहां जा रहे हैं?


‘अगर बशर अल-असद ने ईरान को अपने यहां गढ़ बनाने का मौका दिया तो इजरायल उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकेगा.’

— युवाल स्टेनिट्ज, इजरायल के ऊर्जा मंत्री

इजरायल के ऊर्जा मंत्री युवाल स्टेनिट्ज का यह बयान ईरान को लेकर सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद को चेतावनी देते हुए आया. उन्होंने कहा, ‘अगर असद ईरान को हम पर हमले के लिए सीरिया में बेस बनाने की इजाजत दे देते हैं तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि उनका कार्यकाल खत्म.’ युवाल स्टेनिट्ज ने आगे कहा कि बशर अल-असद अपने महल में शांत होकर बैठें और ईरान सीरिया को इजरायल पर हमले का अड्डा बना ले, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इजरायल को आशंका है कि ईरान आने वाले समय में सीरिया से उस पर मिसाइल और रॉकेटों से हमले कर सकता है.