पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में हिस्सा लेने और उनके भाषण को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्र, राष्ट्रवाद और देशभक्ति पर अपनी बातें संघ के सदस्यों के सामने रखीं. उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रवाद न तो खास है, न आक्रामक और न ही विनाशकारी. पूर्व राष्ट्रपति ने जवाहरलाल नेहरू की किताब ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ के हवाले से कहा, ‘मैं इस बात से सहमत हूं कि भारत में राष्ट्रवाद केवल हिंदू, मुस्लिम, सिख और अन्य समूहों के वैचारिक एकीकरण से ही आ सकता है.’

उधर, दिल्ली की एक अदालत ने अवैध वसूली से जुड़े एक मामले में गैंगस्टर अबू सलेम को सात साल की कारावास की सजा सुनाई है. यह खबर भी अखबारों की प्रमुख सुर्खियों में शामिल है. इससे पहले बीती 26 मई को अदालत ने अबू सलेम को दोषी करार दिया था. साल 2002 में दिल्ली के एक कारोबारी ने अबू सलेम के खिलाफ अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज कराया था.

बिहार एनडीए की बैठक से उपेंद्र कुशवाहा ने किनारा किया

2019 के चुनाव की तैयारियों में लगी भाजपा के लिए सहयोगी दलों के मोर्चे पर मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. केंद्र में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को बिहार के पटना में आयोजित बैठक में हिस्सा नहीं लिया. जनसत्ता में प्रकाशित खबर की मानें तो उपेंद्र कुशवाहा ने दिल्ली में अपनी व्यस्तता का हवाला देकर इस बैठक से किनारा किया. इससे पहले राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने नीतीश कुमार की बजाय उपेंद्र कुशवाहा को सूबे में राजग का चेहरा बनाने की पैरवी की है. पार्टी का मानना है कि गठबंधन में भाजपा के बाद उसका आधार अन्य सहयोगियों के मुकाबले अधिक है. इस बैठक में जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव शामिल हुए थे.

सुसाइड नोट में नाम होने के आधार पर ही किसी को दोषी साबित नहीं किया जा सकता : पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट

पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने साफ किया है कि सुसाइड नोट में नाम होने के आधार पर ही किसी को दोषी साबित नहीं किया जा सकता. अमर उजाला में छपी खबर के मुताबिक अदालत का कहना है कि आरोपित के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने के पीछे की आपराधिक मंशा भी साबित होना जरूरी है. एक मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि खुदकुशी करने वाले शख्स का व्यक्तित्व देखना बेहद जरूरी है. इसके अलावा अदालत ने इस बारे में उदाहरण देते हुए कहा कि कम अंक आने पर खुदकुशी करने वाले छात्र के शिक्षक और प्यार में विफल आशिक के लिए उसकी प्रेमिका को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.

किसी भी कीमत पर अयोध्या में राम मंदिर का काम शुरू किया जाएगा : आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समर्थक साधु-संतों से मुलाकात की. द एशियन एज की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने भाजपा को चेतावनी थी कि अगर राम मंदिर निर्माण का काम शुरू नहीं किया जाता है तो पार्टी को 2019 के चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ेगा. साथ ही, इन साधु-संतों ने भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की बात भी की थी. अखबार की मानें तो आदित्यनाथ ने इन्हें भरोसा दिलाया है कि किसी भी कीमत पर अयोध्या में राम मंदिर का काम शुरू किया जाएगा. मुख्यमंत्री का यह भी कहना था कि राज्य और केंद्र सरकार इसके लिए हर संभव विकल्प तलाश रही है.

बीसीसीआई पुरस्कार : विराट कोहली, हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर

‘टीम इंडिया’ के कप्तान विराट कोहली को बीते दो वर्षों में शानदार प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई ने साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर के खिताब से नवाजा है. हिन्दुस्तान में छपी खबर के मुताबिक विराट कोहली को 12 जून को बेंगलुरु में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा. बीते दो वर्षों में विराट ने 25 टेस्ट मैचों में 2560 रन, 42 वनडे मैचों में 2757 रन और 27 टी-20 मैचों में 967 रन बनाए हैं. इसके अलावा बीसीसीआई ने दिवंगत पंकज राय को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार देने का फैसला किया है. वहीं, 2016-17 के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का खिताब हरमनप्रीत कौर को दिया गया है. इसके अलावा 2017-18 के लिए स्मृति मंधाना को सबसे बेहतर महिला क्रिकेटर के रूप में चुना गया है.