लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय बिहार की राजनीति में कदम रखने वाली हैं. इकनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक नेता ने यह जानकारी दी. आरजेडी के स्थापना दिवस के जश्न से एक दिन पहले लालू यादव और राबड़ी देवी वाले पोस्टरों में ऐश्वर्या राय भी प्रमुख रूप से दिख रही हैं. बीते मई में ही उनकी तेज प्रताप से शादी हुई है. संभावना जताई जा रही है कि अगले साल ऐश्वर्या सारण सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी.
ऐश्वर्या के राजनीति में आने को लेकर आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा, ‘क्या हुआ अगर उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया है? वे शिक्षित हैं और राजनीतिक परिवार से आती हैं. उनके पिता चंद्रिका राय पहले मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं. उनके परदादा दारोगा राय भी 70 के दशक में मुख्यमंत्री रहे थे. राजनीति उनके (ऐश्वर्या) लिए सबसे अच्छा विकल्प है.’
लालू यादव के परिवार के कई लोग राजनीति में हैं. दो दशक पहले उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने राजनीतिक सफर शुरू किया था. चारा घोटाला मामले में पहली बार जेल जाने से पहले लालू ने उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बना दिया था. राबड़ी देवी के बाद उनके भाई साधु यादव और सुभाष यादव भी राजनीति में उतर गए. वहीं, 2014 और 2015 में लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती और दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव भी राजनीति में आ गए थे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.