पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला ने भाजपा पर एक बड़ा आरोप लगाया है. एक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने कहा कि भाजपा, राजनीतिक स्वार्थ के लिए वाजपेयी के निधन के बाद उनके नाम का इस्तेमाल कर रही है.
करुणा शुक्ला ने कहा कि बीते 10 साल में पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री को कभी याद नहीं किया. लेकिन अब आने वाले चुनावों में भाजपा को अपनी नैया डूबती दिख रही है तो अचानक उसे वाजपेयी याद आने लगे हैं. करुणा शुक्ला इस समय छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. वे पहले भाजपा में थीं. भाजपा के टिकट पर वे छत्तीसगढ़ की जांजगीर लोक सभा सीट से सांसद भी रह चुकी हैं.
उल्लेख करते चलें कि इन दिनों भाजपा देश के अलग-अलग हिस्सों में अस्थि-कलश यात्राओं का आयोजन कर रही है. इसके तहत अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां अलग-अलग नदियों में विसर्जित की जा रही हैं. इसी पर आपत्ति जताते हुए करुणा शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वाजपेयी की अंतिम यात्रा में पांच किलोमीटर पैदल चलने के बजाय नरेंद्र मोदी अगर दो कदम भी उनके दिखाए रास्ते पर चलें तो देश के लिए यह ज़्यादा अच्छा होगा.
छत्तीसगढ़ में ही अस्थि-कलश यात्रा से जुड़े कार्यक्रम में राज्य के दो मंत्री ठहाके लगाते देखे गए
इस बीच छत्तीसगढ़ के दो मंत्री- ब्रजमोहन अग्रवाल और अजय चंद्राकर विचित्र विवाद में उलझ गए हैं. अग्रवाल राज्य की रमन सिंह सरकार में सबसे पुराने मंत्री हैं. फिलहाल कृषि मंत्रालय संभाल रहे हैं. चंद्राकर भी वरिष्ठ नेता हैं और इस वक्त स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे हैं. मगर ये अपनी वरिष्ठता और मौके की नज़ाक़त दोनाें ही भूल गए. राजधानी रायपुर में जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि-कलश यात्रा से जुड़ा श्रद्धांजलि कार्यक्रम हो रहा था तब ये मंच पर ही ठहाके लगाकर हंसते देखे गए. गुरुवार को इसका ख़ुलासा होने के बाद दोनों मंत्रियों की चौतरफा आलोचना हो रही है और भाजपा बचाव की मुद्रा में है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.