इस्लामिक स्टेट के सरगना अबू बकर अल-बगदादी का नया ऑडियो संदेश सामने आया
इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सरगना अबू बकर अल-बगदादी ने पश्चिमी देशों पर हमला करने की बात कही है. पिछले साल सितंबर के बाद यह पहला मौका है जब बगदादी का कोई संदेश जारी किया गया है. खबरों के मुताबिक अपने इस ऑडियो संदेश में बगदादी ने कहा, ‘अपने धर्म, सब्र व दुश्मनों के खिलाफ जिहाद को भूलने वाले और अपने खुदा में यकीन करना छोड़ने वाले लोग कलंकित हैं. लेकिन जब वे इन सबका अनुसरण करते हैं तो ताकतवर और विजेता बन कर उभरते हैं.’ (विस्तार से)
फ्रांस की राजधानी पेरिस में आतंकी हमला, दो की मौत
फ्रांस की राजधानी में पेरिस में आतंकी हमले की ख़बर आई है. इसमें दो लोगों के मारे जाने की सूचना है. पेरिस के उपनगरीय इलाके ट्रैप्स में एक व्यक्ति ने चाकू से राहगीरों पर हमला किया. इसमें दो लोग मौके पर ही मारे गए. एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है. हमले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को गोली मारकर ढेर कर दिया. (विस्तार से)
वाजपेयी के निधन के बाद भाजपा स्वार्थ के लिए उनके नाम का इस्तेमाल कर रही है : करुणा शुक्ला
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला ने भाजपा पर एक बड़ा आरोप लगाया है. एक वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने कहा कि भाजपा, राजनीतिक स्वार्थ के लिए वाजपेयी के निधन के बाद उनके नाम का इस्तेमाल कर रही है. करुणा शुक्ला ने कहा कि बीते 10 साल में पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री को कभी याद नहीं किया. (विस्तार से)
एशियाई खेल 2018 : पुरुष कबड्डी में भारत को झटका
इंडोनेशिया में खेले जा रहे 18वें एशियाई खेलों के पांचवें दिन भारतीय खेल प्रशंसकों को उस वक्त एक बड़ा झटका लगा जब अजय ठाकुर के नेतृत्व वाली भारतीय कबड्डी टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में ईरान के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी. एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला मौका है जब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम स्वर्ण पदक की दौड़ से बाहर हो गई है. इस स्पर्धा में अब कांस्य पदक के लिए भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा. (विस्तार से)
अगर मेरे खिलाफ महाभियोग चलाया गया तो अमेरिका की अर्थव्यवस्था ढह जाएगी : डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अगर उनके खिलाफ महाभियोग चलाया जाता है तो अमेरिका की अर्थव्यवस्था ढह जाएगी. समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक एक टीवी इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा है, ‘अगर मेरे खिलाफ महाभियोग चलाया जाता है तो बाजार धराशायी हो जाएगा. मुझे लगता है कि फिर यहां हर कोई गरीब हो जाएगा.’ (विस्तार से)
हमारे पास कुलभूषण जाधव के खिलाफ ‘ठोस सबूत’ हैं : पाकिस्तान
पाकिस्तान की नवनिर्वाचित सरकार के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि पाकिस्तान के पास कुलभूषण जाधव के खिलाफ ‘ठोस सबूत’ हैं और वह इनकी बुनियाद पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में यह केस जीत जाएगा. कुरैशी ने आगे कहा है, ‘हम अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में अपना पक्ष पूरी मजबूती से रखेंंगे.’ (विस्तार से)
मेरा सपना है कि 2022 तक देश के हर परिवार के पास रहने के लिए अपना घर हो : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के वलसाड में एक जनसभा को संबोधित किया है. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, ‘मेरा सपना ये है कि जब 2022 में देश आजादी की 75वीं सालगिरह मनाए तो हर परिवार के पास रहने के लिए अपना घर हो.’ इस दौरान मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी संबोधित किया और उन्हें घर की सौगात दी. (विस्तार से)
झूलन गोस्वामी ने टी-20 क्रिकेट से संन्यास लिया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हरफनमौला खिलाड़ी झूलन गोस्वामी ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक प्रेस रिलीज जारी करके इस बारे में जानकारी दी है. प्रेस रिलीज में कहा गया है, ‘गोस्वामी ने अपने टी-20 क्रिकेट के दौर के समय मिले प्यार और समर्थन के लिए बीसीसीआई और साथी खिलाड़ियों का आभार जताया है और टी-20 की टीम को शुभकामनाएं दी हैं.’ (विस्तार से)
मॉब लिंचिंग की वजह बेरोजगारी : राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं की वजह बेरोजगारी को बताया है. जर्मनी के हैंबर्ग में हुए एक आयोजन में उन्होंने कहा, ‘केंद्र ने नोटबंदी-जीएसटी को ठीक से लागू नहीं किया. इससे छोटे और मंझोले कारोबार चौपट हो गए. इसके चलते बेरोजगारी में इजाफा हुआ अौर लोगों में नाराजगी बढ़ गई. लिंचिंग के बारे में जो कुछ भी हम सुनते हैं वह इसी का नतीजा है.’ (विस्तार से)
भाजपा और आरएसएस मेरी हत्या कराना चाहते हैं : तेज प्रताप यादव
लालू यादव के बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा उनकी हत्या कराना चाहते हैं. आरजेडी के नेता तेज प्रताप ने अपने साथ हुई एक घटना के आधार पर यह दावा किया. बुधवार को ईद के मौके पर तेज प्रताप महुआ आए हुए थे. उनके मुताबिक जब वे लोगों से मिल रहे थे तो उसी दौरान एक हथियारबंद व्यक्ति ने उनका हाथ पकड़ लिया. (विस्तार से)
दिन की सभी खबरें यहां पढ़ें.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.