‘तीन जनवरी से 16 फरवरी के दौरान चंद्रयान - 2 को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा.’
— के सिवन, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष
के सिवन ने यह बात मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कही. उनके मुताबिक चंद्रयान-2 के छोड़े जाने के लिए तीन जनवरी से 16 फरवरी तक के बीच का समय निर्धारित किया गया है. इस यान की बनावट में कुछ बदलाव किए जाने के बाद इसके वजन में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है इसलिए अब इसे जीएसएलवी एमके-3 रॉकेट के जरिये अंतरिक्ष में भेजे जाने की तैयारी है. के सिवन का यह भी कहना है कि चंद्रयान-2 के जरिये भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचेगा और ऐसा करने वाला यह दुनिया का पहला देश होगा. उनके मुताबिक चंद्रमा के इस हिस्से में सूर्य की तेज रोशनी नहीं पड़ती ऐसे में इस मिशन को अपने प्रयोग करने के लिए ज्यादा वक्त भी मिल सकेगा.

‘भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को नुकसान पहुंचाया है.’
— एमके स्टालिन, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के अध्यक्ष
एमके स्टालिन का यह बयान द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) का अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए आया है. मौजूदा राजनीतिक माहौल को चुनौतीपूर्ण बताते हुए एमके स्टालिन ने यह भी कहा है कि सांप्रदायिक ताकतों द्वारा शिक्षा, कला, साहित्य और धर्म का भगवाकरण किए जाने की कोशिशें की जा रही हैं. इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु की राज्य सरकार पर भी निशाना साधा और प्रदेश की जनता से राज्य की रीढ़विहीन सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने की अपील भी की.
‘बत्तखों के तैरने से पानी में आॅक्सीजन का स्तर बढ़ता है.’
— बिप्लब देब, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री
बिप्लब देब का यह बयान पर्यावरण संरक्षण के संबंध में आया है. उनका कहना है कि त्रिपुरा में जल निकायों के नजदीक रहने वाले ग्रामीणों को बत्तख पालन पर ध्यान देना चाहिए. साथ ही इस दिशा में प्रदेश सरकार भी ग्रामीणों को 50 हजार छोटी बत्तखें देने की योजना बना रही है. बिप्लब देव का यह भी कहना है कि पानी में आॅक्सीजन की मात्रा बढ़ने से मछलियों को भी फायदा पहुंचेगा. साथ ही इससे मछली पालन को भी बढ़ावा मिलेगा. इस बयान से पहले बिप्लब देव महाभारत काल में इंटरनेट का अस्तित्व होने की बात भी कह चुके हैं और इस पर भी उनका खूब मजाक बना था.
‘भारतीय जनता पार्टी हत्या की राजनीति का सहारा ले रही है.’
— ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी का यह बयान हाल ही में पश्चिम बंगाल के पंचायत के चुनाव को लेकर आया है. उनके मुताबिक, ‘भाजपा के सदस्य उन गुंडों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं जो कभी मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी के लिए काम किया करते थे. इसके बावजूद माओवादियों के गढ़ रहे जंगलमहल में भाजपा को चंद सीटें जीतने में ही कामयाबी मिल पाई.’ इसके साथ ही ममता बनर्जी ने ‘अटल कलश यात्रा’ को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि भाजपा देश के भूतपूर्व प्रधानमंंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन का अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है.
‘आप लोग खुद को अकेला न समझें, हम आपके साथ हैं.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ने यह बात केरल के बाढ़ पीड़ितों से कही है. उन्होंने यह भी कहा है कि कांग्रेस न तो केंद्र और न ही राज्य में शासन कर रही है. फिर भी कांग्रेस पार्टी अपने स्तर पर चंदा जुटाकर केरल के बाढ़ से प्रभावित लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद करने की पूरी कोशिश करेगी. राहुल गांधी मंगलवार की सुबह दो दिनों की यात्रा पर केरल पहुंचे थे.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.