कल सवर्ण समाज का भारत बंद, मध्य प्रदेश के कई इलाकों में धारा 144 लागू

एससी-एसटी एक्ट को लेकर सरकार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. पहले इस कानून को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रदर्शन और हिंसक टकराव हुए. दलित समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि इस कानून के तहत एफआईआर होने पर जांच के बाद ही गिरफ्तारी का सुप्रीम कोर्ट का फैसला कानून को कमजोर करने जैसा है. अब जब केंद्र ने विधेयक लाकर कानून को उसके पहले वाले स्वरूप में बहाल कर दिया है तो सवर्ण और ओबीसी समुदाय के लोग नाराज हैं. इसके खिलाफ उन्होंने छह सितंबर को भारत बंद का आह्वान किया है. (विस्तार से)

समलैंगिकता अपराध है या नहीं, सुप्रीम कोर्ट कल फैसला सुनाएगा

भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 377 की वैधानिकता पर सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को फैसला सुना सकता है. धारा 377 के तहत समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी में रखा जाता है. सुप्रीम कोर्ट ने 17 जुलाई को इस मामले की सुनवाई खत्म करते हुए अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. इस मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार का कहना था कि वह किसी व्यक्ति द्वारा अपना साथी चुनने के अधिकार के मामले में नहीं पड़ना चाहती. यानी वह न तो समलैंगिकता का समर्थन करती है और न इसे अपराध घोषित करने का. (विस्तार से)

गुजरात : पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट को गुजरात सीआईडी ने हिरासत में लिया

गुजरात काडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट को गुजरात सीआईडी ने बुधवार को हिरासत में ले लिया. संजीव भट्ट के साथ छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. इनमें गुजरात हाई कोर्ट के एक पूर्व जज रतनलाल जैन भी शामिल हैं. संजीव भट्ट से जुड़ा यह मामला 1996 का है. तब वे गुजरात के बनासकांठा में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे. इन लोगों पर सुमेर सिंह राजपुरोहित नाम के एक वकील को नशीला पदार्थ रखने के झूठे मामले में फंसाने का आरोप है. (विस्तार से)

दिलीप कुमार अस्पताल में भर्ती, तबीयत में सुधार

मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार की तबीयत में सुधार हो रहा है. उन्हें कल यानी मंगलवार को सीने में संक्रमण के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए भी इसकी जानकारी दी गई है. ट्वीट में कहा गया है, ‘साब को सीने में संक्रमण के चलते मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे संक्रमण से उबर रहे हैं. आप सबकी दुआओं और प्रार्थनाओं की जरूरत है.’ (विस्तार से)

जम्मू-कश्मीर : नेशनल कॉन्फ्रेंस अनुच्छेद 35ए के मुद्दे पर निकाय चुनावों का बहिष्कार कर सकती है

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा है कि अनुच्छेद 35ए पर केंद्र और राज्य प्रशासन अपना रुख स्पष्ट नहीं करेगा तो उनकी पार्टी जम्मू और कश्मीर में होने वाले पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में हिस्सा नहीं लेगी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र यह भरोसा दिलाए कि वह अदालत में अनुच्छेद 35ए की सुरक्षा के लिए प्रभावी तरीके से अपना पक्ष रखेगा. बीते कुछ समय से सुप्रीम कोर्ट अनुच्छेद 35ए की संवैधानिकता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है. (विस्तार से)

भारत, जापान से 18 बुलेट ट्रेन खरीदेगा

नरेंद्र मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत भारत जापान से 18 बुलेट ट्रेन खरीदने की तैयारी में है. एक अधिकारी ने बताया, ‘हम जापान से 18 शिंकनसेन बुलेट ट्रेन खरीदने जा रहे हैं. हर ट्रेन में 10 कोच होंगे. ये सभी ट्रेनें 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम होंगी.’ इन ट्रेनों की कीमत लगभग 7000 करोड़ रुपये बताई जा रही है. (विस्तार से)

पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन करेगी

रफाल सौदे, बेरोजगारी और किसानों की समस्या पर केंद्र सरकार को लगातार घेरने के बाद कांग्रेस तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ देशभर में आंदोलन करने की योजना बना रही है. पार्टी ने छह सितंबर को दिल्ली में सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक बुलाई है. इस बैठक में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी. यह जानकारी पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने दी है. (विस्तार से)

गुटखा घोटाला : तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री समेत कई अधिकारियों के घर पर सीबीआई का छापा

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को गुटखा घोटाला मामले में चेन्नई में छापामारी अभियान शुरू किया है. शहर में 40 जगहों पर यह कार्रवाई की गई है. एएनआई के मुताबिक तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) टीके राजेंद्रन, चेन्नई के पूर्व पुलिस आयुक्त एस जॉर्ज और स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर समेत विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों के घर पर भी छापामारी की गई है. (विस्तार से)

रफाल पर विवाद के बाद सावधान सरकार ने रूस से कहा - राइफल सौदे में अडानी समूह से दूर रहे

फ्रांस के साथ हुए रफाल सौदे से सबक लेते हुए केंद्र सरकार ने रूस से एके राइफल प्रोजेक्ट से भारत के अडानी समूह को दूर रखने के लिए कहा है. सरकार ने रूस को सलाह दी है कि अगर उसकी हथियार निर्माता कंपनी क्लाशनिकोव कंसर्न भारत में एके राइफल्स का निर्माण करना चाहती है तो उसे सरकार द्वारा संचालित ऑर्डिनेंस फैक्टरी बोर्ड (ओएफबी) से हाथ मिलाना चाहिए. (विस्तार से)

मलयालम अभिनेता मोहनलाल तिरुअनंतपुरम से शशि थरूर के ख़िलाफ़ भाजपा प्रत्याशी हो सकते हैं : सूत्र

समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रभावशााली लोगों को अपने साथ जोड़ने की भारतीय जनता पार्टी की कोशिश का असर होता दिख रहा है. सूत्रों के हवाले से इस तरह की ख़बर आई है कि मलयालम फिल्मों के सुपरसितारा मोहनलाल भाजपा उम्मीदवार के तौर पर अगला लोक सभा चुनाव लड़ सकते हैं. उन्हें तिरुअनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर के ख़िलाफ़ टिकट दिया जा सकता है. (विस्तार से)

दिन की सभी खबरें यहां पढ़ें.