जेट एयरवेज़ की मुंबई-जयपुर उड़ान के चालक दल की लापरवाही से गुरुवार को विमान में सवार 30 यात्री बीमार पड़ गए. किसी के नाक-कान से खून बहने लगा तो किसी को तेज सिरदर्द हो गया. इसके बाद विमान को मुंबई लौटना पड़ा.

ख़बरों के मुताबिक उड़ान संख्या- 9डब्ल्यू 0697 के चालक दल के सदस्य विमान में हवा का दबाव संतुलित करना भूल गए थे. इस वज़ह से यह स्थिति बनी. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक विमान में 166 यात्री सवार थे. इनमें से 30 की सेहत ख़राब होने के बाद बोइंग-737 विमान को 45 मिनट की उड़ान के बाद ही वापस मुंबई ले जाया गया.

यात्रियों के प्राथमिक उपचार के बाद उड़ान सुबह 10.15 पर जयपुर के लिए रवाना हुई. विमानन नियामक- नागरिक उड्‌डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक अधिकारी के मुताबिक विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने घटना की जांच शुरू कर दी है. विमान के चालक दल के सदस्यों को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया गया है. उड़ान के साथ चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.

ग़ौरतलब है कि जेट एयरवेज़ दो दिन के भीतर दूसरी बार ग़लत कारणों से सुर्ख़ियों में आई है. बुधवार को कंपनी के कई ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापामारी की थी. आर्थिक अनियमितताओं के आरोप में छापे की यह कार्रवाई की गई थी.