उत्तराखंड विधानसभा ने बुधवार को गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया. उत्तराखंड की पशुपालन मंत्री रेखा आर्य ने इस प्रस्ताव को विधानसभा में पेश करते हुए कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि पूरे देश में गोहत्या प्रतिबंधित हो. उनका यह भी कहना था कि गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाना गोसंरक्षण की दिशा में ही एक कदम है. इस दौरान रेखा आर्या ने विधानसभा में गोमूत्र के औषधीय गुणों का भी जिक्र करते हुए यह दावा भी किया कि केवल गाय ही एक ऐसा जानवर है जो सांस लेते वक्त ऑक्सीजन लेता है और ऑक्सीजन ही छोड़ता है.

उत्तराखंड में विपक्ष की नेता इंदिरा हृदयेश ने प्रस्ताव का समर्थन किया. हालांकि उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्र माता घोषित करने के पीछे क्या इरादा है यह उन्हें समझ में नहीं आ रहा, जबकि प्रदेश की गोशालाओं की स्थिति बेहद बुरी है और प्रदेश में पशुचिकित्सकों की भी कमी है. उन्होंने सरकार से यह पूछा कि क्या ऐसा किए जाने से आवारा सांड़ों का सड़कों पर घूमना बंद हो जाएगा. वहीं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी इस प्रस्ताव का समर्थन करती है लेकिन सरकार को गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी. इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार को भेजा जाएगा.