हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत गाय के दूध को लेकर दिए गए अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक उनका कहना है कि जर्सी जैसी विदेशी नस्लों के गाय का दूध इंसानों के लिए नुकसानदायक होता है. उन्होंने कहा कि इन गायों का दूध पीने वाले लोगों को ज्यादा गुस्सा आता है और उनका ब्लड प्रेशर (बीपी) भी जल्दी बढ़ता है. उन्होंने कहा कि अच्छी सेहत के लिए देसी गाय का दूध इस्तेमाल करना चाहिए.
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने यह बात ‘सनातन हिंदू धर्म में गाय का महत्व’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही. यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के गोरखनाथ मंदिर में महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवैद्यनाथ की सालगिरह के मौके पर आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.
इस मौके पर आचार्य देवव्रत ने यह भी बताया कि उनके पास 300 से अधिक देसी गायें हैं जिन्हें उन्होंने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्थित अपने गांव में 200 एकड़ के एक फार्म हाउस में रखा है. उन्होंने कहा कि वहां गाय के मूत्र और गोबर से जीव अमृत नाम की खाद बनाई जाती है जिससे पैदावार बढ़ती है. उनका कहना था कि देसी गाय के गोबर में विदेशी गाय के गोबर की अपेक्षा 20 गुना ज्यादा उर्वरा शक्ति होती है. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने गायों की रक्षा के लिए कई अच्छे कदम उठाए हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.