47.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीयों की सूची में लगातार 11 साल से शीर्ष पर बने हुए हैं. यह जानकारी फोर्ब्स पत्रिका ने दी है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति इस साल 9.3 अरब डॉलर बढ़ी है. वे इस साल सबसे अधिक कमाई करने वाले भारतीय भी रहे हैं. अमीर भारतीयों की सूची में विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा है. उनकी संपत्ति दो अरब डॉलर बढ़कर 21 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. वहीं, आर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल की संपत्ति 1.8 अरब डॉलर बढ़ी है और वे 18.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं.
इस सूची में हिंदुजा बंधु 18 और पलोनजी मिस्त्री 15.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहे हैं. शीर्ष 10 अमीर भारतीयों में शिव नाडर (14.6 अरब डॉलर), गोदरेज परिवार (14 अरब डॉलर), दिलीप सांघवी (12.6 अरब डॉलर), कुमार बिड़ला (12.5 अरब डॉलर) और गौतम अडाणी (11.9 अरब डॉलर) शामिल हैं. फोर्ब्स एशिया की संपादक (भारत) नाजनीन करमाली ने कहा, ‘इस चुनौतीपूर्ण वर्ष में जब रुपया काफी कमजोर हुआ है, शीर्ष 100 अमीर भारतीय अपनी संपत्ति बचाने में सफल रहे हैं. इसके अलावा नए अरबपतियों की संख्या भी बढ़ी है जिससे पता चलता है कि भारत में उद्यमिता की ऊर्जा बढ़ी है.’
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल बायोटेक की किरण मजूमदार शॉ की संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है. उनकी संपत्ति 66.7 प्रतिशत बढ़कर 3.6 अरब डॉलर हो गई है. वे इस सूची में 39वें पायदान पर हैं. इस सूची में चार महिलाएं हैं. फोर्ब्स के मुताबिक देश के शीर्ष 100 अमीरों में से 11 लोगों की संपत्ति एक अरब डॉलर से अधिक बढ़ी है. शीर्ष 100 अमीरों की सामूहिक संपत्ति इस दौरान बढ़कर 492 अरब डॉलर हो गई है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.