रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने दो दिवसीय भारत दौरे के तहत नई दिल्ली पहुंच गए हैं. गुरुवार को उन्होंने रात्रिभोज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की. इन दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहित कई क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की. रूसी राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर दस्तखत हो सकते हैं. इनमें भारत द्वारा रूस से एस400 मिसाइल प्रतिरक्षा प्रणाली की खरीद भी शामिल है. यह प्रणाली दुश्मन के हर तरह के एयरक्राफ्ट या मिसाइल को ट्रैक कर उसे हवा में ही नष्ट कर सकती है. करीब 40 हजार करोड़ रु का यह समझौता अगर हो जाता है तो चीन के बाद इस मिसाइल प्रणाली को खरीदने वाला भारत दूसरा देश होगा.
हालांकि इसे लेकर अमेरिका भारत को चेतावनी दे चुका है. बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने अपने सभी सहयोगी देशों से रूस से किसी तरह के वित्तीय सौदे करने से परहेज करने को कहा था. अमेरिकी प्रवक्ता का कहना था कि ऐसा न करने पर इन देशों पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.