अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर सहित जिन चार लोगों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में शिकायत दर्ज कराई थी, उनका नार्को टेस्ट, ब्रेन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराए जाने की मांग की है. पीटीआई के मुताबिक इसके लिए तनुश्री दत्ता ने अपने वकील नितिन सातपुते के जरिए मुंबई के ओशिवारा पुलिस थाने में एक अर्जी दी है.
तनुश्री दत्ता ने यौन शोषण के आरोप लगाते हुए बीते दिनों कहा था कि 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उन्हें गलत ढंग से छूने की कोशिश की थी. इस मामले में दत्ता ने सात अक्टूबर को नाना पाटेकर, फिल्म के कोरियोग्राफर गणेश आचार्य, प्रोड्यूसर समी सिद्दीकी और निर्देशक राकेश सारंग के खिलाफ ओशिवारा थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी.
सातपुते ने शनिवार को बताया कि तनुश्री ने पाटेकर, आचार्य, सिद्दीकी, सारंग और उनके ‘फर्जी गवाहों’ की गिरफ्तारी की मांग भी की है. सातपुते ने यह दावा भी किया कि 26 मार्च, 2008 को हुई इस कथित घटना के कई प्रत्यक्षदर्शी हैं, लेकिन वे आरोपितों के डर से अपने बयान दर्ज कराने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं. दत्ता की अर्जी में कहा गया है कि आरोपित ‘बेहद प्रभावशाली और हाई प्रोफाइल’ लोग हैं और इनके ‘अच्छे राजनीतिक संपर्क’ हैं इसलिए इसकी आशंका है कि ये लोग गवाहों को डरा-धमका सकते हैं.
वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों को नाना पाटेकर पहले ही खारिज कर चुके हैं. बीते शनिवार को उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि दस साल पहले भी यह मामला झूठ था और आज भी झूठ ही है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.