पंजाब के पटियाला में चाट की एक दुकान अब आयकर विभाग के छापे के चलते सुर्खियों में है. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक आयकर विभाग ने इस दुकान पर छापा मारकर 1.2 करोड़ रुपए जब्त किए हैं.
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चाट वाले ने पिछले दो सालों से आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया था. इस दुकान के मालिक ने रियल एस्टेट में भी काफी निवेश किया हुआ है. उसके पटियाला में दो पार्टी हॉल भी हैं. वह शादी और दूसरे समारोह के लिए चाट का ऑर्डर भी लेता है. इसके लिए उसका एक अलग बुकिंग ऑफिस है.
इससे पहले आयकर विभाग ने पंजाब के ही लुधियाना में ‘पन्ना सिंह पकौड़े वाला’ नाम से लोकप्रिय पकौड़ों की दुकान पर छापा मारा था. इस छापे के दौरान पकौड़े वाले ने 60 लाख रुपए सरेंडर किए थे. आयकर विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पटियाला समेत पंजाब में ऐसी कई खाने-पीने की दुकानें हैं, जिनमें काफी कमाई होती है लेकिन वे लोग आयकर जमा नहीं करते. आयकर विभाग ऐसी दुकानों पर नजर बनाए हुए है. इसीलिए विभाग की इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.