देश के सबसे धनी कारोबारी मुकेश अंबानी का कहना है कि भारत विश्व का तीसरा सबसे धनी देश बनने की राह पर है. उन्होंने कहा कि पहली तीन औद्योगिक क्रांतियों से चूक जाने के बाद भारत प्रौद्योगिकी पसंद युवा आबादी के दम पर अब चौथी औद्योगिक क्रांति की अगुवाई करने की स्थिति में है. पीटीआई के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने आज 24वें मोबीकैम सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही.

अंबानी ने कहा कि भारत का डिजिटल बदलाव अतुल्य और अप्रत्याशित है और वायरलेस ब्रॉडबैंड के मामले में उसने महज 24 महीने में 155वें स्थान से शीर्ष तक का सफर तय किया है. संबोधन में अंबानी ने कहा, ‘बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि हमारे देश की संभावनाएं इतनी उज्ज्वल हैं. आज हमारी जीडीपी करीब तीन हजार अरब डॉलर की हो गई है और हम विश्व के तीसरे सबसे अमीर देश बनने की राह पर हैं. मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि अगले दो दशक में भारत विश्व की अगुवाई करेगा और वैश्विक आर्थिक वृद्धि के अगले दौर में योगदान देगा.’

मुकेश अंबानी के मुताबिक भारत के पास न सिर्फ चौथी क्रांति में भाग लेने का मौका है बल्कि वह इसकी अगुवाई भी कर सकता है. उन्होंने कहा, ‘ऐसा इस कारण संभव है क्योंकि आज का भारत पहले के भारत से बिलकुल अलग है. भारत की बड़ी प्रौद्योगिकी केंद्रित आबादी इसकी मुख्य ताकत है. जरा कल्पना करिए कि एक अरब से अधिक दिमागों की ताकत एक साथ मिलकर किस तरह की बुद्धिमता तैयार कर सकती है.’