‘सर्वसम्मति से राम मंदिर के निर्माण पर फैसला नहीं होता तो दूसरे विकल्प पर विचार किया जाएगा.’
— योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंंत्री
योगी आदित्यनाथ का यह बयान राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद के विवाद पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जनवरी 2019 तक सुनवाई को टाल दिए जाने को लेकर आया है. इसके साथ ही उन्होंने शीर्ष अदालत में दोबारा सुनवाई शुरू होने तक संत समाज से सहयोग करने की अपील भी की है. योगी आदित्यनाथ का यह भी कहना है कि देश की न्यायपालिका के प्रति हर किसी का सम्मान है और हम सभी संवैधानिक बाध्यताओं से बंधे हैं.

‘मैं हिंदूवादी नहीं बल्कि राष्ट्रवादी नेता हूं.’
— राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ने यह बात इंदौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कही. इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर जाने के लिए उन्हें किसी से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है और हिंदू धर्म को वे भाजपा के नेताओं से कहीं बेहतर तरीके से समझते हैं. इसके साथ ही राहुल गांधी ने सवालिया लहजे में यह भी कहा, ‘क्या देश के मंदिर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की संपत्ति हैं. क्या वहां जाने का ठेका सिर्फ नरेंद्र मोदी और अमित शााह के पास ही है?’ इससे पहले सोमवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा था.
‘वायु प्रदूषण अगर कम नहीं होता तो दिल्ली में निजी वाहनों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सकती है.’
— भूरेलाल, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण के अध्यक्ष
भूरेलाल ने यह बात दिल्ली में लगातार वायु की गुणवत्ता के गिर रहे स्तर के मद्देनजर कही है. उनका यह भी कहना है कि इस संबंध में बीते सोमवार को दिल्ली के उप राज्यपाल के साथ उनकी एक बैठक भी हुई थी. इस बीच हरियाणा और पंजाब के किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाए जाने की वजह से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता का स्तर ‘बेहद खराब’ स्तर पर पहुंच चुका है.
‘भारत दुनिया का तीसरा सबसे धनी देश बनने की राह पर बढ़ रहा है.’
— मुकेश अंबानी, उद्योगपति
मुकेश अंबानी ने यह बात मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कही है. उनके मुताबिक शुरुआती तीन औद्योगिक क्रांतियों से चूक जाने के बाद अब अपनी युवा आबादी के दम पर भारत चौथी औद्योगिक क्रांति की अगुवाई करने की स्थिति में है. इस मौके पर मुकेश अंबानी ने यह भी कहा, ‘आज भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) करीब तीन हजार अरब डॉलर का हो गया है. ऐसे में मुझे पूरा यकीन है कि अगले दो दशक के भीतर भारत विश्व की अगुवाई करने वाला देश होगा.’
‘साल 2008 से 2014 के बीच अंधाधुंध कर्ज बांटे जाने पर आरबीआई लगाम लगाने में असफल रहा.’
— अरुण जेटली, केंद्रीय वित्त मंत्री
अरुण जेटली ने यह बात एक कार्यक्रम के दौरान कही. इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट के बाद देश की अर्थव्यवस्था को कृत्रिम रूप से आगे बढ़ाने के लिए तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने साल 2008 से 2014 के दौरान बैंकों को अंधाधुंध तरीके से कर्ज देने की छूट दी थी. उस समय रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया (आरबीआई) द्वारा उस व्यवस्था पर लगाम न लगाए जाने की वजह से गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) का संकट बढ़ा है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.