दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट ने मंगलवार को सिख विरोधी दंगा से जुड़े एक मामले में दो सिख युवकों की हत्या के एक दोषी को मौत की सजा सुनाई है. इस खबर को आज के अधिकतर अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह दी है. एक दिसंबर, 1984 को दिल्ली के महिपालपुर इलाके में हरदेव सिंह और अवतार सिंह की हत्या के लिए यशपाल सिंह (55 वर्ष) और नरेश सहरावत (68 वर्ष) को दोषी ठहराया गया था. इस मामले में अदालत ने यशपाल सिंह को मौत और सहरावत को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.
दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी को एक बार फिर जायज ठहराया है. उन्होंने मध्य प्रदेश की एक चुनावी रैली में कहा, ‘देश से भ्रष्टाचार के दीमक को साफ करने और बैंकिंग सिस्टम में पैसा वापस लाने के लिए नोटबंदी जैसी कड़वी दवा का उपयोग करना जरूरी था.’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘आज गरीबों के लिए जो घर बन रहे हैं, पुल बन रहे हैं, कल्याण की योजनाएं बन रही हैं, उनमें लग रहा पैसा पहले बिस्तर के नीचे छिपाया गया था. वह पैसा बाहर निकला तो गरीबों के काम आने लगा और इससे कांग्रेस को परेशानी है.’

नोटबंदी का किसानों पर बुरा असर : केंद्रीय कृषि मंत्रालय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोटबंदी को कड़वी दवा बताने के उलट केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने किसानों पर इसके बुरे असर की बात स्वीकार की है. द हिंदू में प्रकाशित खबर के मुताबिक मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट वित्तीय मामलों की स्थायी संसदीय समिति को सौंपी है. इस समिति के अध्यक्ष कांग्रेस सांसद वीरप्पा मोइली हैं. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नोटबंदी का ऐलान जिस वक्त किया गया था उस वक्त किसान या तो खरीफ की फसल काट रहे थे या रबी की फसल लगा रहे थे. इन दोनों में ही नकदी की जरूरत थी. किसानों के पास बीज और खाद के लिए पर्याप्त नकदी नहीं थी. नेशनल सीड्स कॉरपोरेशन भी इस वजह से करीब 1.4 लाख क्विंटल गेहूं बीज की बिक्री नहीं कर पाया था.
दलितों में पैठ बनाने के लिए कांग्रेस का ‘‘संविधान से स्वाभिमान’ कार्यक्रम
अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले कांग्रेस ने दलितों को अपनी ओर खींचने की तैयारी शुरू कर दी है. नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को दिल्ली में ‘संविधान से स्वाभिमान’ कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है. बताया जाता है कि इस कार्यक्रम के दौरान संविधान की एक प्रतीकात्मक पालकी निकाली जाएगी. साथ ही, पूरे देश के लिए 90 दिनों का एक देशव्यापी कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा. इस आयोजन में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ विपक्ष के अन्य नेताओं के भी शामिल होने की खबर है.
दिल्ली हवाई अड्डे पर मरम्मत का काम होने से रोजाना 100 फ्लाइट रद्द, किराए में 85 फीसदी तक की बढ़ोतरी
दिल्ली हवाई अड्डे पर मरम्मत के लिए एक रनवे को बंद किए जाने के बाद यात्री किराए में 85 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है. इस वजह से अब लोग ट्रेनों की ओर रुख कर रहे हैं. हिंदुस्तान में छपी खबर के मुताबिक इस रनवे की मरम्मत का काम 28 नवंबर तक पूरा होना है. इस वजह से प्रत्येक दिन करीब 100 फ्लाइट रद्द हो रही है. इस वजह से दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट पर यात्रियों का दबाव भी बढ़ गया है. इसे कम करने के लिए इस रूट की राजधानी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं. साथ ही, अन्य ट्रेनों में भी प्रत्येक दिन 500 सीटें बढ़ाई गई हैं.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.