अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन-रूस संघर्ष के चलते रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली बैठक रद्द करने की चेतावनी दी है. पीटीआई के मुताबिक ट्रंप ने कहा है कि वह रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के चलते पुतिन के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित बैठक रद्द कर सकते हैं.
डोनाल्ड ट्रंप को इस सप्ताह के अंत में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में होने वाले जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेना है. इस दौरान उनका रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है.
बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी इस बैठक के बारे में ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ से कहा, ‘मुझे (रूस की) इस तरह की आक्रामकता पसंद नहीं है...हो सकता है कि मैं रूसी राष्ट्रपति से यह मुलाकात न करूं.’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘मेरी यह मुलाकात रूस-यूक्रेन के ताजा विवाद पर मेरे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार द्वारा तैयार की जा रही एक रिपोर्ट पर निर्भर करेगी.’ अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक यह रिपोर्ट उन्हें बुधवार रात तक मिल जायेगी.
बीते रविवार को रूस की सेना ने क्रीमिया के तट पर यूक्रेन के तीन जहाजों को जब्त कर लिया था. उसने 24 यूक्रेनी नाविकों को भी बंधक बना लिया था. इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच संबंध काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं. इसके बाद मंगलवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति पेत्रो पोरोशेंको ने रूस को युद्ध की चेतावनी भी दे दी थी. उनका कहना था, ‘मैं नहीं चाहता कि कोई सोचे कि यह मजाक या खेल है. यूक्रेन पर रूस के साथ पूर्ण युद्ध का खतरा है.’
यूक्रेन और रूस के बीच शुरू हुई इस तनातनी के तुरंत बाद ही अमेरिका ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी. अमेरिकी विदेश विभाग ने रूस के कदम को खतरनाक बताते हुए अपने यूरोपीय सहयोगियों को यूक्रेन की मदद के लिए आगे आने को कहा था.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.