पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सम्मान देने के लिए उनकी तस्वीर वाला सौ रुपये का सिक्का जल्द ही जारी किया जाएगा. सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा. इस सिक्के पर एक ओर देवनागरी लिपि (हिंदी) के साथ-साथ अंग्रेजी में नाम के साथ अटल बिहारी वाजपेयी का एक चित्र होगा. इसके साथ सिक्के में उनके जन्म और मृत्यु वर्ष क्रमशः 1924 और 2018 को भी अंकित किया जाएगा.
वहीं सिक्के की दूसरी ओर अशोक स्तंभ के नीचे ‘सत्यमेव जयते’ अंकित किया जाएगा. इसके साथ ही सिक्के के किनारों पर हिंदी में भारत और अंग्रेजी में भारत अंकित किया जाएगा और अशोक स्तंभ के नीचे सिक्के का मूल्य 100 रुपये अंकित होगा. यह सिक्का अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को जारी होगा.
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मृत्यु इस साल 16 अगस्त, को 93 वर्ष की उम्र में हुई थी. वे साल 1996 में 13 दिन, 1998 में 13 महीने और 1999 से 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे थे. इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में कई स्थानों का नाम बदलकर उनके नाम पर कर दिया गया है. उत्तराखंड सरकार ने हिमालय की एक चोटी का नाम और देहरादून हवाई अड्डे का नाम भी वाजपेयी के नाम पर रखने का फैसला किया है. वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ के प्रसिद्ध ‘हजरतगंज चौराहा’ का नाम उनके नाम पर ‘अटल चौक’ कर चुकी है.
फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर हमसे जुड़ें | सत्याग्रह एप डाउनलोड करें
Respond to this article with a post
Share your perspective on this article with a post on ScrollStack, and send it to your followers.